अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के तहत थाना कनेरा पुलिस ने ग्राम बांघेड़ाघाटा में दो अलग-अलग कार्यवाहियों को अंजाम देते हुए कुल 24 किलो 770 ग्राम अवैध अफीम बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है, वहीं पुलिस ने मौके से एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है।

जिला पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह यादव ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज, उदयपुर श्री गौरव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार मादक पदार्थों के भंडारण एवं परिवहनकर्ताओं के विरुद्ध विशेष अभियान 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एएसपी मुकुल शर्मा एवं डीएसपी निंबाहेड़ा बद्रीलाल के निकट सुपरविजन में तथा थानाधिकारी कनेरा महेन्द्र सिंह के निर्देशन में एक विशेष रणनीति तैयार की गई। इस कार्रवाई को अंजाम देने के लिए जिला विशेष शाखा चित्तौडगढ़ व डॉग स्क्वायड उदयपुर के सहयोग से टीम के इंचार्ज एसआई रामलाल मीणा के नेतृत्व में पुलिस थाना कनेरा की टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम द्वारा की गई प्रथम कार्रवाई के तहत ग्राम बांगेडा में कैलाश उर्फ मानमल उर्फ मानालाल पिता श्रीलाल धाकड़ निवासी बांगेडा घाटा के रिहायसी मकान पर औचक दबिश दी गई। मकान की सघन तलाशी के दौरान पुलिस को तीन अलग-अलग स्टील के टिफिन मिले, जिनमें छिपाकर रखी गई प्लास्टिक की कुल सात थैलियों से कुल 16 किलो 170 ग्राम अवैध अफीम बरामद कर जब्त की गई। इसी क्रम में, एसआई कन्हैयालाल की टीम के द्वारा द्वितीय कार्रवाई को अंजाम दिया गया। इस टीम ने ग्राम बागेडा में ही बस स्टैंड के पास स्थित डालचन्द पिता बोतलाल जाति धाकड़ उम्र 41 साल निवासी बांघेडाघाटा थाना कनेरा के रिहायसी मकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वहां रखे एक नीले रंग के प्लास्टिक के ड्रम में से प्लास्टिक की कुल चार थैलियां बरामद हुईं, जिनमें भरी हुई कुल 8 किलो 600 ग्राम अवैध अफीम जब्त की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मकान मालिक डालचन्द पिता बोतलाल जाति धाकड़ को मौके से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस द्वारा इन दोनों प्रकरणों का गहन अनुसंधान किया जा रहा है।

इस पूरी सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में एसआई रामलाल, एसआई कन्हैया लाल, एएसआई बालमुकुन्द, एएसआई प्रकाश चन्द्र, कॉन्स्टेबल रामनिवास, वासुदेव, अनिलकुमार, रेंवताराम, सुनील, सुरेश, महिला कॉन्स्टेबल ज्योति, सरला सहित जिला विशेष शाखा की टीम और डॉग स्क्वायड टीम उदयपुर की मुख्य भूमिका रही। इस बड़ी सफलता के बाद जिला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की मादक पदार्थ तस्करी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले, तो वे तुरंत निकटतम पुलिस थाना, कंट्रोल रूम या नारको टिप हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर सूचित कर सजग नागरिक का फर्ज निभाएं।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story