चित्तौड़गढ़। राजस्थान पुलिस का 77वां स्थापना दिवस गुरुवार को जिला पुलिस लाइन में अत्यंत हर्षाेल्लास और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर सराहनीय सेवाओं और कर्तव्यनिष्ठा के लिए जिले के 130 पुलिसकर्मियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने परेड का निरीक्षण किया, जिसके पश्चात परेड कमांडर संचित निरीक्षक अनिल पांडे के नेतृत्व में पुलिस टुकड़ियों ने सलामी दी। पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित समस्त पुलिसकर्मियों को स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

सम्मान समारोह के दौरान पुलिस विभाग में 10 वर्ष की निरंतर बेदाग सेवा और उत्कृष्ट कार्यप्रणाली के आधार पर वर्गीकरण करते हुए पुरस्कार प्रदान किए गए। इसमें जिले के 20 पुलिसकर्मियों को ‘सर्वाेत्तम सेवा चिन्ह’, 54 पुलिसकर्मियों को ‘अति उत्तम सेवा चिन्ह’ तथा 56 पुलिसकर्मियों को ‘उत्तम सेवा चिन्ह’ एवं प्रशंसा पत्र देकर गौरवान्वित किया गया। पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए पुलिस लाइन परिसर में व्यापक पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों और कार्मिकों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे। इसी कड़ी में मानवीय सेवा का परिचय देते हुए आयोजित रक्तदान शिविर में जवानों और अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक 34 यूनिट रक्तदान किया।

संबोधन के दौरान एसपी मनीष त्रिपाठी ने कहा कि राजस्थान पुलिस अपनी गौरवशाली परंपराओं का निर्वहन करते हुए कानून-व्यवस्था, शांति और सद्भाव बनाए रखने के लिए संकल्पबद्ध है। उन्होंने पुलिस के ध्येय वाक्य "आमजन में विश्वास और अपराधियों में डर" को आत्मसात करने पर जोर देते हुए कहा कि पुलिस निरंतर जनमित्र की भूमिका निभाने और आम नागरिकों के प्रति संवेदनशीलता बरतने के लिए तत्पर है। कार्यक्रम में एएसपी सरिता सिंह, भगवत सिंह ही़गड़ सहित जिले के पुलिस उप अधीक्षक व विभिन्न थानाधिकारी उपस्थित रहे। उत्सव की पूर्व संध्या पर आयोजित सांस्कृतिक संध्या में पुलिस परिवार के बच्चों की मोहक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। इस दौरान शैक्षणिक और खेलकूद के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को भी एसपी द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story