बीकानेर में शिक्षा निदेशक को शारीरिक शिक्षा शिक्षकों का 15 सूत्रीय ज्ञापन, स्थाईकरण समेत कई मांगें उठीं
बीकानेर में राजस्थान शारीरिक शिक्षा शिक्षक संघ ने शिक्षा निदेशक सीताराम जाट और अतिरिक्त निदेशक शैलेंद्र देवड़ा को 15 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। इसमें 2022 भर्ती के शेष शिक्षकों के स्थाईकरण, पदस्थापन, पद सृजन, स्थानांतरण नीति और अन्य लंबित मांगों को प्रमुखता से उठाया गया।

तस्वीर में शारीरिक शिक्षा शिक्षक संघ के प्रतिनिधि मंडल को बीकानेर में अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए देखा जा सकता है।
बड़ी सादड़ी। राजस्थान शारीरिक शिक्षा शिक्षक संघ ने प्रदेशभर के शारीरिक शिक्षा शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर बीकानेर में शिक्षा निदेशक सीताराम जाट और अतिरिक्त निदेशक शैलेंद्र देवड़ा को 15 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। गुरुवार को संघ के प्रदेश अध्यक्ष हापूराम चौधरी और प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल ने दोनों अधिकारियों से मुलाकात कर लंबित मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन में प्रतिनिधि मंडल ने बताया कि वर्ष 2022 की भर्ती में चयनित शेष शारीरिक शिक्षकों का स्थाईकरण तत्काल कराया जाए। साथ ही द्वितीय श्रेणी शारीरिक शिक्षक 2025-26 की पदोन्नति हो चुकी है, इसलिए उनका शीघ्र पदस्थापन किया जाए।
संघ ने ज्ञापन में यह भी मांग रखी कि वर्ष 2019 से अब तक उच्च प्राथमिक विद्यालयों से उच्च माध्यमिक विद्यालयों में क्रमोन्नत एवं मर्ज किए गए विद्यालयों में कार्यरत तृतीय श्रेणी शारीरिक शिक्षकों के पद उसी विद्यालय में मर्ज किए जाएं तथा वित्तीय स्वीकृति प्रदान की जाए, ताकि संबंधित शिक्षकों का वेतन समय पर मिल सके।
ज्ञापन में शारीरिक शिक्षा कैडर के उच्च पदों के सृजन की मांग भी की गई। इसमें संयुक्त निदेशक कार्यालय में सहायक निदेशक, निदेशालय में जिला शिक्षा अधिकारी तथा उपनिदेशक शारीरिक शिक्षा के पद स्वीकृत करने की मांग शामिल रही। इसके अलावा राज्य के विद्यालयों के लिए स्पोर्ट्स ग्राउंड जारी करने, काउंसलिंग के समय जिला, मंडल और राज्य स्तर के सभी रिक्त पद खोलने तथा कैडर के पदों का आनुपातिक रूप से 50 प्रतिशत पदों का सृजन करने की मांग भी रखी गई।
संघ ने राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए स्वीकृत राशि बढ़ाकर दो लाख रुपये करने, उच्च प्राथमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक के बाद दूसरा पद शारीरिक शिक्षक का स्वीकृत करने तथा नवगठित जिलों के माध्यमिक जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में उप जिला शिक्षा अधिकारी (शारीरिक शिक्षा) का पद सृजित करने की भी मांग की।
ज्ञापन में कक्षा 6 से 8 तक स्वास्थ्य एवं शारीरिक शिक्षा की पाठ्यपुस्तकें विद्यालयों को निशुल्क उपलब्ध कराने, स्थानांतरण नीति जारी कर तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण करने तथा उच्च माध्यमिक विद्यालयों में छात्र संख्या के आधार पर पद स्वीकृत करने की मांग भी शामिल रही। संघ ने मांग की कि शून्य से 200 तक छात्र संख्या वाले विद्यालयों में तृतीय श्रेणी, 201 से 500 छात्र संख्या वाले विद्यालयों में द्वितीय श्रेणी तथा 500 से अधिक छात्र संख्या होने पर व्याख्याता शारीरिक शिक्षा का पद स्वीकृत किया जाए।
प्रतिनिधि मंडल में संघ के प्रदेश अध्यक्ष हापूराम चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह चौहान, प्रदेश सलाहकार हनुमान सिंह भाकर, बीकानेर जिलाध्यक्ष राजेंद्र व्यास, राजेश सेवक सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। चित्तौड़गढ़ के जिलाध्यक्ष चंद्रकांत शर्मा और संघ के राज्य महामंत्री हरीश जोशी के अनुसार ज्ञापन में सभी मांगें बिंदुवार प्रस्तुत करते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की गई।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
