बेगू प्रातः काल संवाददाता: राजस्थान में दो से अधिक संतान वाले व्यक्तियों पर निकाय और पंचायत चुनाव लड़ने की रोक हटाने को लेकर बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। राज्य सरकार ने इस संबंध में राजस्थान नगर पालिका अधिनियम, 2009 की धारा 24 में संशोधन का प्रस्ताव विधि विभाग को भेजा है, जो वर्तमान में प्रक्रियाधीन बताया जा रहा है। खास बात यह है कि सरकार ने पहली बार इस मुद्दे पर लिखित रूप में जानकारी दी है।

चुनावी समीकरणों में बड़े बदलाव की संभावना

यदि यह संशोधन पारित हो जाता है, तो आगामी नगर निकाय चुनावों में कई ऐसे नेता और कार्यकर्ता चुनावी मैदान में उतर सकेंगे, जो अब तक इस प्रावधान के चलते अयोग्य घोषित किए जा रहे थे। इससे स्थानीय राजनीति में बड़े बदलाव की संभावना जताई जा रही है।

बेगूं नगर पालिका चुनाव पर सीधा असर

संशोधन का सीधा असर बेगूं नगर पालिका चुनावों पर भी देखने को मिल सकता है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि कांग्रेस और भाजपा के कई प्रमुख पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता इस बदलाव के बाद चुनाव लड़ने के पात्र हो जाएंगे।

कांग्रेस पार्टी की ओर से जिन नामों की चर्चा जोरों पर है, उनमें शामिल हैं:

  • ललित बैरागी
  • चंद्रशेखर गुरुजी
  • गिरीश राठौर
  • सरफराज अंसारी
  • सलामत अंसारी
  • धीरज नाहर

वहीं भाजपा की तरफ से ये नाम सामने आ सकते हैं:

  • कैलाश चंद्र मंत्री
  • गोपाल डीडवानिया
  • बद्री जाट
  • राजेश दूग्गड़
  • सुनील हल्कारा
राजनीतिक हलकों में तेज हुए कयास

विधि विभाग में फाइल प्रक्रियाधीन होने की सूचना के बाद राजनीतिक हलकों में कयासों का दौर तेज हो गया है। दोनों प्रमुख दलों के कार्यकर्ताओं में इस संभावित बदलाव को लेकर उत्सुकता देखी जा रही है। माना जा रहा है कि यदि संशोधन को मंजूरी मिलती है, तो चुनावी समीकरण पूरी तरह बदल सकते हैं।

फिलहाल अंतिम फैसला सरकार और विधि विभाग की मंजूरी पर निर्भर करता है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि संशोधन प्रस्ताव को कब तक स्वीकृति मिलती है और इसका आगामी नगर निकाय चुनावों पर क्या प्रभाव पड़ेगा।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story