राजस्थान सरकार द्वारा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में वित्त मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी द्वारा प्रस्तुत राजस्थान सरकार के वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तुत आम बजट को पूर्व यूडीएच मंत्री एवं निम्बाहेड़ा विधायक श्रीचंद कृपलानी ने प्रदेश के सर्वांगीण विकास की दिशा में ऐतिहासिक एवं दूरदर्शी कदम बताया है।


बजट पर विधायक कृपलानी की प्रतिक्रिया

"यह बजट सर्वजन हिताय एवं सर्वजन सुखाय की भावना को साकार करने वाला है, जिसमें युवाओं, किसानों, महिलाओं, बुजुर्गों, श्रमिकों एवं उद्योग जगत सहित प्रत्येक वर्ग का विशेष ध्यान रखा गया है।"

  • विधायक कृपलानी ने कहा कि राज्य सरकार ने रोजगार सृजन, कृषि उन्नयन, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार तथा आधारभूत संरचना के विकास को प्राथमिकता देते हुए प्रदेश की विकास यात्रा को गति देने का कार्य किया है।
  • युवाओं के लिए कौशल विकास कार्यक्रमों का विस्तार, रोजगार के नए अवसरों के सृजन तथा पारदर्शी भर्ती प्रक्रियाओं के माध्यम से युवा शक्ति को सशक्त आधार प्रदान किया जाएगा।
  • किसानों के हित में सिंचाई परियोजनाओं का विस्तार, कृषि अनुदान, आधुनिक तकनीक के उपयोग तथा उत्पादन वृद्धि के प्रावधान ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करेंगे।

"सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।" कृपलानी ने बजट में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लखपति दीदी, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के विस्तार एवं बुजुर्गों के कल्याण हेतु किए गए प्रावधानों को संवेदनशील पहल बताया। औद्योगिक विकास के संदर्भ में उन्होंने कहा कि निवेश को प्रोत्साहन, आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण तथा उद्योग अनुकूल नीतियों से प्रदेश में नए उद्योग स्थापित होंगे, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी।


लगातार तीसरे बजट में निम्बाहेड़ा विधानसभा को मिली बड़ी सौगातें

राजस्थान सरकार की वित्त मंत्री एवं मुख्यमंत्री श्रीमति दीया कुमारी द्वारा पूर्व यूडीएच मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक श्रीचंद कृपलानी की अनुशंसा पर निम्बाहेड़ा विधानसभा क्षेत्र को कई महत्वपूर्ण स्वीकृतियां प्राप्त हुई हैं:

  • निम्बाहेड़ा में बहुप्रतिक्षित एनडीपीएस कोर्ट की स्वीकृति।
  • निम्बाहेड़ा के रसूलपुरा में 220 जीएसएस की सौगात।
  • करतांना फाटक से व्हाया बडौली घाटा होते हुए अरनोदा-मांगरोल मार्ग तक करीब 8.50 किलोमीटर लम्बी सड़क का करीब 4 करोड़ की लागत से नवीनीकरण कार्य।
  • जाखम बांध परियोजना के अन्तर्गत निम्बाहेड़ा (चित्तौडग़ढ़) एवं छोटीसादड़ी (प्रतापगढ़) कस्बे व ब्लॉक में लघु परियोजना से लाभांवित ग्रामों को बल्क वॉटर (Bulk Water) उपलब्ध करवाने की डीपीआर के लिए 1 करोड़ 37 लाख रूपये स्वीकृत।
  • नगर परिषद निम्बाहेड़ा के रानीखेड़ा में आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोले जाने की स्वीकृति।

बार एसोसिएशन ने आतिशबाजी कर जताया आभार

निम्बाहेड़ा में एनडीपीएस कोर्ट खोलने की स्वीकृति जारी होने पर बार एसोसीएशन निम्बाहेड़ा के अध्यक्ष रणजीत सिंह नारेला के नेतृत्व में स्थानीय एवं क्षेत्र के अधिवक्ताओं ने पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक कृपलानी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। अधिवक्ताओं ने भाजपा कार्यालय पर पहुंच कर पूर्व नगर अध्यक्ष नितिन चतुर्वेदी एवं भाजपा नगर अध्यक्ष कपिल चौधरी की उपस्थिति में भव्य आतिशबाजी की तथा उपरना ओढ़ाकर व मिठाई खिलाकर मुंह मीठा करवाया।

उपस्थित अधिवक्ता एवं पदाधिकारी:

अभिभाषक संघ के अध्यक्ष रणजीत सिंह नारेला सहित आशीष नागोरी, महावीर जैन, ओमप्रकाश धाकड़, हरीश वैष्णव, चंद्रपाल सिंह शेखावत, अरविंद पाल सिंह बडोली, जगदीश चंद्र भांबी, अक्षय गौरव सेठिया, रवि कुमावत, सुधीर करोड़ीवाल, लक्ष्मी लाल कुमावत, दिलीप तेली, अभय सर्वा, शंभुलाल तेली, हरीश तेली आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।


लोकहितकारी बजट का स्वागत

राज्य के लोकहितार्थ आए इस बजट तथा निम्बाहेड़ा क्षेत्र को मिली सौगातों के लिए पूर्व विधायक अशोक नवलखा, जिला अध्यक्ष प्रतापगढ़ महावीर सिंह कृष्णावत, पूर्व जिला प्रमुख गब्बर सिंह अहीर, पूर्व पंस प्रधान बगदीराम धाकड़, पूर्व उपप्रधान जगदीश आंजना, पूर्व नगर अध्यक्ष नितिन चतुर्वेदी, नगर अध्यक्ष कपिल चौधरी, पूर्वी मंडल अध्यक्ष आदि ने हर्ष व्यक्त किया है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story