रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध बजरी खनन में दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त
गुडिया और लूनी नदी क्षेत्र में एसपी रतनसिंह के निर्देशन में दबिश, एमवी एक्ट की धारा 207 के तहत दो बिना नंबर के वाहन जब्त कर खनन विभाग को दी सूचना।

जिले में अवैध बजरी खनन के काले कारोबार पर नकेल कसते हुए रायपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस अधीक्षक रतनसिंह (आईपीएस) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेन्द्र शर्मा के निर्देशन तथा वृताधिकारी बंशीलाल पाण्डर के सुपरविजन में संचालित इस विशेष अभियान के तहत दो बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया गया है। थानाधिकारी अनिल पंवार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचनाओं पर अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर माफियाओं के मंसूबों को नाकाम कर दिया।
घटनाक्रम के अनुसार, 14 अप्रैल को पुलिस को गुडिया नदी में अवैध बजरी खनन की गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना की तस्दीक हेतु जब टीम मौके पर पहुंची, तो वहां एक बिना नंबर का ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध खनन में लिप्त पाया गया। चालक द्वारा वाहन के कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं करने पर पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 207 के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर लिया और सुरक्षा की दृष्टि से चौकी पिपलिया कला परिसर में खड़ा करवा दिया। इसी क्रम में 15 अप्रैल को पुनः मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कुण्डाल बेरा, रायपुर स्थित लूनी नदी क्षेत्र में घेराबंदी की। यहाँ भी अवैध बजरी का परिवहन करते हुए एक अन्य बिना नंबर का ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ा गया। आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में इस वाहन को भी धारा 207 एमवी एक्ट के तहत जब्त कर थाना परिसर लाया गया।
इस सफल कार्रवाई में थानाधिकारी अनिल पंवार, उप निरीक्षक सरवर खान, सहायक उप निरीक्षक सुरेन्द्र सिंह, कांस्टेबल सोमवीर, दिनेश एवं अशोक की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस प्रशासन ने दोनों प्रकरणों की विस्तृत रिपोर्ट खनन विभाग को प्रेषित कर दी है और अग्रिम वैधानिक प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है। पुलिस ने कड़ा संदेश देते हुए स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध खनन और परिवहन के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा प्राकृतिक संसाधनों का दोहन करने वाले दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Jagdish Mali, Raipur
नाम: जगदीश माली
वर्तमान पद: संवाददाता (रायपुर मारवाड़)
कार्यक्षेत्र: जिला पाली और जिला ब्यावर (विशेष रूप से रायपुर तहसील, जैतारण तहसील एवं इनके अंतर्गत आने वाले क्षेत्र)
बीट: स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, और बिज़नेस
परिचय
जगदीश माली राजस्थान के पाली और ब्यावर जिलों के क्षेत्रीय संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से रायपुर मारवाड़, रायपुर तहसील और जैतारण तहसील सहित इसके अंतर्गत आने वाले सभी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की खबरों को कवर करते हैं। जगदीश माली स्थानीय प्रशासन, पुलिस थाना, अस्पताल, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार से जुड़ी सभी प्रकार की महत्वपूर्ण खबरों की ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
जगदीश माली को क्षेत्रीय धरातल पर समाचार संकलन और मीडिया रिपोर्टिंग का 5 साल का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक बैठकों और विकास कार्यों को निरंतर रिपोर्ट किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (12वीं पास) पूरी की है।
