यूपीएससी परीक्षा में निंबाहेड़ा के प्रतीक जोशी ने हासिल की 196वीं रैंक
एल. के. सिंघानिया एजुकेशन सेंटर के पूर्व छात्र प्रतीक जोशी ने चौथे प्रयास में पाई सफलता, जेके सीमेंट प्रबंधन और विद्यालय परिवार ने किया भव्य स्वागत।

निंबाहेड़ा के एल. के. सिंघानिया एजुकेशन सेंटर में यूपीएससी में 196वीं रैंक प्राप्त करने वाले पूर्व छात्र प्रतीक जोशी का स्वागत करते जे. के. सीमेंट के यूनिट हेड मनीष तोषनीवाल और अन्य अधिकारी।
निंबाहेड़ा। संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सिविल सेवा परीक्षा में निंबाहेड़ा निवासी एवं एल. के. सिंघानिया एजुकेशन सेंटर के पूर्व विद्यार्थी प्रतीक जोशी ने 196वीं ऑल इंडिया रैंक प्राप्त कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से विद्यालय में हर्ष और गर्व का वातावरण है। संघर्ष जितना कठिन होता है, सफलता उतनी ही शानदार होती है, यह विचार मनीष तोषनीवाल ने व्यक्त किए।
विद्यालय प्रबंधन द्वारा भव्य स्वागत और सम्मान
इस अवसर पर मनीष तोषनीवाल यूनिट हेड, जे. के. सीमेंट वर्क्स निम्बाहेड़ा एवं मांगरोल तथा प्रभाकर मिश्रा सीनियर जी.एम., एच.आर. ने प्रतीक जोशी का स्वागत करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि "प्रतीक की यह उपलब्धि विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है और यह सिद्ध करती है कि समर्पण, परिश्रम और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।"
सफलता की मजबूत नींव और माध्यमिक शिक्षा
प्रतीक जोशी ने अपनी माध्यमिक शिक्षा एल. के. सिंघानिया एजुकेशन सेंटर से प्राप्त की। विद्यालय में मिली गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों तथा शिक्षकों के मार्गदर्शन ने उनके व्यक्तित्व विकास और लक्ष्य के प्रति समर्पण की मजबूत नींव रखी। प्रतीक जोशी ने 196वीं ऑल इंडिया रैंक प्राप्त कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।
विशेष संवाद: चौथे प्रयास में मिली शानदार सफलता
विद्यालय में आयोजित एक विशेष संवाद कार्यक्रम में प्रतीक जोशी ने विद्यार्थियों से प्रेरणादायी बातचीत करते हुए अपनी सफलता की यात्रा साझा की। उन्होंने बताया कि "यह सफलता उन्हें चौथे प्रयास में मिली और उन्होंने घर पर रहकर ऑनलाइन माध्यम से तैयारी की।" उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित करने, समय का सदुपयोग करने और निरंतर अभ्यास करते रहने की सलाह दी।
उज्ज्वल भविष्य का संदेश और प्रेरणा
साथ ही उन्होंने कहा कि "असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना ही सफलता की कुंजी है।" प्रतीक ने विद्यार्थियों को मोबाइल और अनावश्यक सोशल मीडिया से दूरी बनाकर एकाग्रता के साथ अध्ययन करने का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि "परिवार का सहयोग, सकारात्मक सोच और धैर्य कठिन परिस्थितियों में भी आगे बढ़ने की शक्ति प्रदान करते हैं।" प्रतीक की सफलता से विद्यालय परिवार गौरवान्वित है और यह उपलब्धि विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य की ओर दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी। विद्यालय की प्राचार्या निधि शर्मा और उप प्राचार्य एच एम प्रधान ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
