चित्तौड़गढ़ महिला एवं बाल चिकित्सालय में शुरू हुई प्रसव सखी हेल्पडेस्क, गर्भवती महिलाओं को मिलेगा हर कदम पर सहयोग
चित्तौड़गढ़ महिला एवं बाल चिकित्सालय में प्रसव सखी हेल्पडेस्क शुरू हुई। गर्भवती महिलाओं को जांच, उपचार, भर्ती और हाई-रिस्क मामलों में मिलेगा समन्वित सहयोग।

तस्वीर में चित्तौड़गढ़ के महिला एवं बाल चिकित्सालय में प्रसव सखी हेल्पडेस्क काउंटर पर गुलाबी एप्रन पहने स्वास्थ्य कार्यकर्ता एक महिला मरीज को मार्गदर्शन देती नजर आ रही हैं।
चित्तौड़गढ़ के महिला एवं बाल चिकित्सालय में गर्भवती महिलाओं को बेहतर, सहज और समन्वित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रसव सखी हेल्पडेस्क का संचालन प्रारंभ कर दिया गया है। मुख्य सचिव, राजस्थान सरकार एवं प्रमुख शासन सचिव, चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान दिए गए निर्देशों की अनुपालना में यह व्यवस्था लागू की गई है।
प्रसव सखी हेल्पडेस्क के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को चिकित्सालय में आवश्यक सहयोग, समन्वय एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। हेल्पडेस्क पर तैनात प्रसव सखी गर्भवती महिला को संबंधित चिकित्सक तक पहुंचाने के साथ ही चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार आवश्यक जांचों के लिए संबंधित विभागों तक मार्गदर्शन देगी। इसके अलावा प्रयोगशाला जांच एवं सोनोग्राफी में समन्वय स्थापित करने, जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद पुनः चिकित्सक तक पहुंचाने तथा भर्ती प्रक्रिया में पूर्ण सहयोग भी प्रदान करेगी।
हाई-रिस्क प्रेग्नेंसी के मामलों में प्रसव सखी संबंधित चिकित्सक एवं प्रभारी अधिकारी को तत्काल सूचना देकर प्राथमिकता के आधार पर उपचार सुनिश्चित कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसके साथ ही प्रसव, प्रसवोत्तर देखभाल तथा डिस्चार्ज प्रक्रिया के दौरान भी गर्भवती महिलाओं एवं उनके परिजनों को निरंतर सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
इस व्यवस्था के प्रभावी संचालन के लिए प्रसव सखियों को डॉ. प्रवीण शर्मा, डॉ. मनीष वर्मा, नारायण लाल तथा विकास पारीक द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए 23 जुलाई से महिला एवं बाल चिकित्सालय में प्रसव सखी हेल्पडेस्क का संचालन शुरू कर दिया गया।
इस पहल से विशेष रूप से हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान, शीघ्र उपचार तथा गुणवत्तापूर्ण मातृ स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण सहायता मिलने की उम्मीद है।

Piyush Mundara, Chittorgarh
नाम: पियूष मूंदड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
अनुभव: साल 2013 से
विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग
बीट और कवरेज
- स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
- क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
- राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
- शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
- बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।
शैक्षणिक योग्यता
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
