मतदाता जागरूकता कार्यक्रम: प्रज्ञान महाविद्यालय में छात्रों ने ली शपथ
आकोला के प्रज्ञान महाविद्यालय में एनएसएस इकाई द्वारा आयोजित संगोष्ठी में वक्ताओं ने लोकतंत्र की मजबूती के लिए मताधिकार के विवेकपूर्ण उपयोग का आह्वान किया।

प्रज्ञान महाविद्यालय आकोला में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा आयोजित मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के दौरान वक्ता अपने विचार रखते हुए।
प्रातः काल संवाददाता नन्द लाल तेली, चित्तौड़गढ़। आकोला स्थित प्रज्ञान महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की ओर से मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मतदान के महत्व पर संगोष्ठी हुई और छात्र-छात्राओं को निर्भीक होकर मतदान करने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया। संगोष्ठी के अंत में सभी छात्र-छात्राओं को मतदान की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम समन्वयक शमा रोशन मंसूरी ने बताया कि महाविद्यालय के प्रबंध निदेशक शांतिलाल शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित संगोष्ठी में स्वयंसेवकों को मतदान के अधिकार और लोकतंत्र में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक किया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश शर्मा ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि मतदान लोकतंत्र का आधार है और प्रत्येक व्यक्ति का अधिकार है। हर व्यक्ति को जातिगत, सामाजिक और धार्मिक भेदभाव त्यागकर निर्भीक होकर अधिक से अधिक मतदान करना चाहिए। साथ ही, लोगों को भी अधिक से अधिक मतदान के लिए प्रेरित करना चाहिए।
सहायक आचार्य शमा रोशन मंसूरी ने कहा कि राष्ट्र के निर्माण में प्रत्येक मत का विशेष महत्व होता है। इसलिए सभी को सूझबूझ के साथ अपने मत का उपयोग करना चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्रबंध निदेशक शांतिलाल शर्मा ने कहा कि सौ काम छोड़कर सबसे पहले मतदान का काम करना चाहिए, क्योंकि प्रत्येक मत देश का भविष्य होता है। देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रत्येक व्यक्ति के मत की भागीदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी से स्वयं मतदान करने और दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रथम वर्ष की छात्रा ज्योति साहू ने राजस्थानी भाषा में अपनी पंक्तियों के माध्यम से मतदान के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा, "पहले मतदान फेर दूजो काम, लोकतंत्र री मजबूती, म्हारे और थारे नाम"। छात्रा कायनात शेख ने गीत के माध्यम से मतदान के महत्व से अवगत कराया, जबकि सिमरन बानो शेख ने स्लोगन के जरिए लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान स्वयंसेवक भेरूलाल रेगर, अविका खटीक, मुरली जटिया और नरेंद्र गुर्जर सहित अन्य स्वयंसेवकों ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के दौरान आर.डी. शर्मा, श्रीमती मंजुला और श्रीमती मनीषा ने भी मतदान से संबंधित अपने विचार रखे।
संगोष्ठी के अंत में सभी छात्र-छात्राओं को मतदान की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का सफल संचालन सहायक आचार्य रतन देवी शर्मा ने किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदान के प्रति जागरूक रहने, अपने मताधिकार का विवेकपूर्ण उपयोग करने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया।

Nandlal Teli, Chittorgarh
प्रातःकाल संवाददाता
परिचय:
नन्दलाल तेली 'प्रातःकाल' न्यूज़ पोर्टल में एक अनुभवी और समर्पित संवाददाता हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में 15 वर्षों का लंबा और गहन अनुभव रखने वाले नन्दलाल जी जमीन से जुड़ी समस्याओं और ग्रामीण भारत की आवाज़ को प्रमुखता से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
कवरेज और विशेषज्ञता:
वे मुख्य रूप से चित्तौड़गढ़ जिले के भोपालसागर क्षेत्र की आकोला तहसील से ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं। उनका मुख्य ध्यान 'शिक्षा' और 'स्वास्थ्य' जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर रहता है, जिन पर वे नियमित रूप से ज्ञानवर्धक और सटीक रिपोर्ट साझा करते हैं। इसके साथ ही, वे गाँव की हर छोटी-बड़ी जन-समस्या को प्रशासन तक पहुँचाने और स्थानीय खबरों को निष्पक्षता से पाठकों के सामने रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
