शहरी-ग्रामीण सेवा शिविरों का संभागीय आयुक्त ने किया निरीक्षण, हर पात्र व्यक्ति के शत-प्रतिशत समाधान के दिए निर्देश
उदयपुर संभाग की संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी ने निम्बाहेडा और मोरवन सेवा शिविरों का निरीक्षण कर हर पात्र व्यक्ति की समस्या के शत-प्रतिशत समाधान के निर्देश दिए।

तस्वीर में बाएं से दाएं उपस्थित अधिकारी और संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी सेवा शिविर के दौरान एक महिला लाभार्थी को सहायता राशि का चेक सौंपते हुए।
उदयपुर संभाग की संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी ने गुरुवार को डूंगला पंचायत समिति की ग्राम पंचायत मोरवन में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर तथा निंबाहेड़ा नगर परिषद में आयोजित शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से उपलब्ध कराया जाए तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति के कार्यों का शत-प्रतिशत समाधान सुनिश्चित किया जाए।
ग्रामीण सेवा शिविर में संभागीय आयुक्त ने विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की और लाभार्थियों को आवासीय भूमि के पट्टे, स्वीकृति पत्र, वरिष्ठ नागरिक कार्ड तथा अन्य प्रमाण-पत्र वितरित किए। हरियालो राजस्थान अभियान के तहत उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से गोद भराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित किए गए, जबकि महिला अधिकारिता विभाग द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत लाडो प्रोत्साहन योजना के लाभ भी वितरित किए गए।
ग्रामीण सेवा शिविर के निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी राकेश पुरोहित, उपखंड अधिकारी प्रवीण कुमार, कार्यवाहक तहसीलदार मोहनलाल त्रिवेदी, विकास अधिकारी दुर्गा प्रसाद कुमावत, नायब तहसीलदार भूपेंद्र बस्सी सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी तथा कार्मिक उपस्थित रहे।
इसके बाद संभागीय आयुक्त ने निंबाहेड़ा में आयोजित शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने विभागीय स्टॉलों का अवलोकन कर आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर संभागीय आयुक्त ने लाभार्थियों को विभिन्न प्रमाण-पत्र, स्वीकृति पत्र एवं सहायता राशि के चेक वितरित किए। उन्होंने एक वर्ष के बच्चों का जन्मदिन मनाकर परिवारजनों को शुभकामनाएं भी दीं तथा कॉलेज ग्राउंड पर पौधारोपण किया।
निंबाहेड़ा शहरी सेवा शिविर के निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर डॉ. मंजू, उपखंड अधिकारी विकास पंचोली, आयुक्त नगर परिषद कुशाल खटूमरा सहित जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के नागरिक उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान संभागीय आयुक्त ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
