चित्तौड़गढ़ के चंदेरिया थाना क्षेत्र में होटल पर खाना खाने के दौरान हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। 8 अक्टूबर को हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल प्रभु लाल कीर ने उदयपुर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही शनिवार को चंदेरिया में आक्रोश फैल गया। परिजनों, रिश्तेदारों और सर्व समाज के लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बाजार की दुकानें बंद करवा दीं और मुख्य मार्ग पर धरने पर बैठ गए, जिससे वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

चंदेरिया थाने में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, चंदेरिया हाउसिंग बोर्ड निवासी परिवादी शंकर कीर ने बताया कि 8 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे उनका बेटा प्रभु लाल कीर अपने साथियों भरत मीणा, दीवान सिंह, नारायण लाल नायक और अर्जुन कीर के साथ स्थानीय दाता श्री होटल पर खाना खा रहा था। इसी दौरान दीवान सिंह के मोबाइल पर लक्की चौहान का फोन आया। उसने उनकी लोकेशन पूछी। दीवान सिंह ने बताया कि वे दाता श्री होटल पर हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ ही देर बाद लक्की चौहान, मोनू खान, गोल्डी खान, राहुल चौहान, अर्जुन सिंह भाटी, दिलीप सिंह भाटी और 3-4 अन्य लोग होटल पर पहुंच गए। आरोप है कि उनके हाथों में लकड़ी और लोहे की फाचरियां थीं। वहां पहुंचते ही उन्होंने बिना किसी बातचीत के प्रभु लाल, दीवान सिंह और भरत मीणा पर हमला कर दिया। मारपीट में तीनों युवकों के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।

घटना के तुरंत बाद घायलों को उपचार के लिए श्री सांवलिया जी राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया गया। प्रभु लाल कीर की हालत बेहद नाजुक होने के कारण चिकित्सकों ने उसे तत्काल उदयपुर रेफर कर दिया। वहां शुक्रवार रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

हत्या की धारा जोड़ी, दो आरोपी गिरफ्तार

प्रभु लाल कीर की मौत के बाद पुलिस ने मामले में पहले दर्ज प्रकरण में हत्या की गंभीर धारा जोड़ दी। शनिवार को उदयपुर अस्पताल में मृतक का पोस्टमॉर्टम कराया गया। ग्रामीण डीएसपी दिनेश सुखवाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें विभिन्न ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि होटल पर खाना खाते समय दोनों पक्षों के बीच मामूली बात को लेकर कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और उपचार के दौरान प्रभु लाल कीर की जान चली गई।

चंदेरिया में बाजार बंद, मुख्य मार्ग पर एक किलोमीटर तक जाम

युवक की मौत से नाराज लोगों ने शनिवार को चंदेरिया में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बाजार की सभी दुकानें बंद करवा दीं और मुख्य सड़क पर धरना दिया। जाम के कारण हाईवे की तरफ आने-जाने वाले वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। सड़क के दोनों ओर करीब एक-एक किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लग गईं। इससे आम राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

कीर समाज ने रखीं मुआवजे और सरकारी नौकरी की मांगें

कीर समाज के जिलाध्यक्ष किशन लाल कीर ने प्रशासन के सामने पीड़ित परिवार को न्याय और सहायता दिलाने के लिए प्रमुख मांगें रखीं। समाज ने घटना में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

समाज की ओर से बताया गया कि पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है और घर का इकलौता कमाने वाला सहारा छिन गया है। ऐसे में सरकार से परिवार को पर्याप्त आर्थिक मुआवजा देने की मांग की गई। इसके साथ ही परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने और मृतक के बच्चे की पढ़ाई-लिखाई का पूरा खर्च उठाने की मांग भी रखी गई।

पुलिस ने निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया

स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए चंदेरिया थाना पुलिस के साथ अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से समझाइश की और निष्पक्ष जांच के साथ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस ने दोषियों को नहीं बख्शने की बात कही है। प्रभु लाल कीर की मौत के बाद चंदेरिया में आरोपियों की गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और सरकारी नौकरी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी रहा, जबकि प्रशासन क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है।

Piyush Mundara, Chittorgarh

Piyush Mundara, Chittorgarh

नाम: पियूष मूंदड़ा

वर्तमान पद: संवाददाता

कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)

अनुभव: साल 2013 से

विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग

बीट और कवरेज 

  • स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
  • क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
  • राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
  • प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
  • शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
  • बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।

शैक्षणिक योग्यता

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story