अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, जिसे रक्षा मंत्रालय से मान्यता प्राप्त है, के मातृ शक्ति दल ने अपने पांच दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम के तहत चित्तौड़गढ़ दुर्ग का ऐतिहासिक दौरा किया। इससे पूर्व यह दल सांवलिया जी मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करने पहुंचा था।

इस दल में अध्यक्ष माया के नेतृत्व में 18 महिलाएं शामिल रहीं, जो भारतीय थल सेना, नौ सेना और वायु सेना से जुड़े पूर्व सैनिकों की पत्नियां हैं। विशेष बात यह है कि इन सभी महिलाओं के पति का निधन हो चुका है, और संगठन उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए निरंतर संबल और आत्मविश्वास प्रदान करता है।

चित्तौड़गढ़ पहुंचने पर परिषद से जुड़ी सतीश कुमारी शर्मा, मीनाक्षी पुरी और पदमा दशोरा ने दल का माल्यार्पण कर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान महिलाओं ने संगठन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह परिषद संस्कृति को संस्कारों से जोड़ने, महिलाओं को सशक्त बनाने और सामूहिक विकास की दिशा में कार्य करती है। देशभर से बड़ी संख्या में महिलाएं इस संगठन से जुड़ी हुई हैं।

भ्रमण के दौरान दल ने ग्रामीण संस्कृति का भी अवलोकन किया। चित्तौड़गढ़ दुर्ग पहुंचकर उन्होंने यहां के ऐतिहासिक स्मारकों का भ्रमण किया और इसके शौर्य, बलिदान तथा त्याग की गाथाओं को नजदीक से जाना। सदस्यों ने बताया कि चित्तौड़गढ़ के इतिहास के बारे में उन्होंने बहुत कुछ सुना था, लेकिन प्रत्यक्ष दर्शन के बाद उनका अनुभव और भी अधिक प्रभावशाली और भावुक कर देने वाला रहा।

पांच दिवसीय यात्रा के अंतर्गत विभिन्न स्थलों का भ्रमण करने के बाद यह दल आगे उदयपुर के लिए प्रस्थान कर गया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story