चित्तौड़गढ़ में पुलिस अधीक्षक ने संभाली सुरक्षा कमान, नाकाबंदी और यातायात व्यवस्था का लिया जायजा
चित्तौड़गढ़ में पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने नाकाबंदी प्वाइंटों और दुर्ग क्षेत्र की यातायात व्यवस्था का निरीक्षण कर सुरक्षा निर्देश दिए।

शहर के एक बाजार क्षेत्र में निरीक्षण करते पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह और अन्य पुलिस अधिकारी।
शहर में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने शुक्रवार सायंकाल शहर क्षेत्र का व्यापक भ्रमण कर नाकाबंदी प्वाइंटों, यातायात प्रबंधन और संवेदनशील क्षेत्रों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के साथ भ्रमण के दौरान पुलिस उप अधीक्षक बृजेश सिंह, थानाधिकारी कोतवाली रजनीश, थानाधिकारी सदर प्रेमसिंह एवं पुलिस निरीक्षक सुनीता गुर्जर मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने गोल प्याऊ चौराहा, बूंदी रोड, किला क्षेत्र, सुभाष चौक, गांधी नगर, घटियावली रोड सहित शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं संभावित नाकाबंदी प्वाइंटों का जायजा लिया।
उन्होंने संभावित नाकाबंदी स्थलों की उपयोगिता और वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवश्यकता पड़ने पर प्रभावी नाकाबंदी सुनिश्चित की जाए। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच करने तथा संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने ऐतिहासिक दुर्ग क्षेत्र का दौरा कर पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही के दौरान बनने वाली यातायात स्थिति और जाम की संभावनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने दुर्ग मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाए रखने, वाहनों की व्यवस्थित आवाजाही सुनिश्चित करने तथा पर्यटकों एवं आमजन को अनावश्यक असुविधा से बचाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने शहर के अन्य प्रमुख क्षेत्रों में भी सुरक्षा व्यवस्था का अवलोकन किया और अधिकारियों से कानून-व्यवस्था की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित गश्त, प्रभावी निगरानी और आमजन के साथ बेहतर संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने कहा कि आमजन की सुरक्षा, अपराधों की रोकथाम तथा शहर में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना जिला पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से नियमित गश्त, संभावित नाकाबंदी प्वाइंटों की समय-समय पर समीक्षा, प्रभावी यातायात प्रबंधन और आवश्यकता अनुसार नाकाबंदी की व्यवस्था निरंतर जारी रहेगी, ताकि आमजन एवं पर्यटकों को सुरक्षित और सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
