बस्सी और पारसोली क्षेत्र में अवैध बजरी कारोबार पर पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी है। 5 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, 25 टन रेत बरामद और दो चालक गिरफ्तार होने से माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

पारसोली थाना क्षेत्र में अवैध बजरी के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। लगातार प्रकाशित हो रही खबरों के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने पांच दिनों के भीतर दूसरी बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया, जिससे बजरी माफियाओं में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार 17 जून को पारसोली पुलिस ने थाना क्षेत्र में नाकाबंदी कर अभियान चलाते हुए अवैध बजरी से भरे 5 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए। इस कार्रवाई में करीब 25 टन अवैध बजरी बरामद की गई, जबकि दो चालकों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने सभी वाहनों को कब्जे में लेकर संबंधित प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इससे पहले 12 जून को भी पारसोली पुलिस ने इसी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अवैध बजरी से भरे 5 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए थे और चालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों के बावजूद अवैध बजरी का परिवहन जारी रहने पर पुलिस ने अभियान को और तेज कर दिया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव के निर्देश एवं पुलिस उप अधीक्षक अंजली सिंह के सुपरविजन में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। कार्रवाई के दौरान थानाप्रभारी ठाकराराम, एएसआई देवीलाल, गोविंद सिंह सहित कांस्टेबल प्रमोद, रघुवीर, राकेश, राजेन्द्र, रामदयाल और चांदमल मौजूद रहे।

इधर, बस्सी थाना क्षेत्र में भी अवैध बजरी परिवहन की समस्या गंभीर बनी हुई है। मंगलवार को पुलिस ने एक डंपर जब्त किया था, लेकिन इसके बावजूद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालकों की तेज रफ्तार और खुलेआम आवाजाही जारी है। बुधवार सुबह दर्जनों ट्रैक्टर-ट्रॉली सोनगर रोड से तेज गति से गुजरते हुए अलग-अलग क्षेत्रों में देखे गए। बाजार क्षेत्र में बजरी का भंडारण कर रात के समय ऊंचे दामों पर सप्लाई किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इन वाहनों की तेज रफ्तार से आमजन की सुरक्षा पर खतरा बढ़ गया है, खासकर सुबह और शाम सैर करने वाले लोगों के लिए स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। क्षेत्रवासियों और व्यापारियों ने अवैध बजरी परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है। पुलिस की लगातार कार्रवाई के बावजूद इलाके में अवैध परिवहन का दबाव बना हुआ है, जिससे प्रशासनिक चुनौती और बढ़ गई है।

Updated On 17 Jun 2026 7:44 PM IST
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story