पारसोली में दो मकानों में लाखों के जेवर और नकदी चोरी, सीसीटीवी में लाठी-लोहे के पाइप लिए 6-7 बदमाश कैद
पारसोली में दो मकानों से जेवर और 35 हजार रुपए नकद चोरी, सीसीटीवी में 6-7 नकाबपोश बदमाश कैद। लगातार वारदातों से ग्रामीणों में रोष।

तस्वीर में गली में कई लोग चलते हुए दिखाई दे रहे हैं। बाईं ओर एक व्यक्ति दीवार के पास खड़ा है, जबकि अन्य लोग आगे की ओर बढ़ते नजर आ रहे हैं। सामने एक छोटा मालवाहक वाहन खड़ा है।
बस्सी के समीपवर्ती पारसोली गांव में शनिवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने दो मकानों को निशाना बनाकर सोने-चांदी के जेवरात और करीब 35 हजार रुपए नकद चोरी कर लिए। वारदात के दौरान पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरों में 6 से 7 नकाबपोश बदमाश दिखाई दिए, जिनके हाथों में लाठी और लोहे के पाइप जैसे हथियार नजर आए।
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार चोरी की दोनों वारदातें शनिवार रात करीब 2 से 3 बजे के बीच हुईं। रविवार सुबह घटना की सूचना मिलने पर पारसोली थाने के एएसआई भवानी सिंह, देवीलाल मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पारसोली निवासी हरिसिंह के घर में अज्ञात बदमाश गली की ओर से अंदर घुसे। उस समय घर के दो कमरों में परिजन सो रहे थे। जिस कमरे में कोई नहीं सो रहा था, वहां बदमाशों ने बिस्तर पेटी और ताकों का सामान बिखेर दिया। इसके बाद अलमारी का ताला तोड़कर सोने के दो जोड़ी कान के टॉप्स, एक जोड़ी पायल और एक तलवार चोरी कर ली। घर में रखी बंदूक को बदमाश नहीं ले गए। इसी कमरे से महिला उमा कंवर की पेंशन के 25 हजार रुपए भी चोरी कर लिए गए।
इसके बाद बदमाशों ने पास ही स्थित अनिल तिवारी के मकान का ताला तोड़ा। उस समय कमरे में एक वृद्ध महिला सो रही थी। बदमाश थैली में रखे 10 हजार रुपए चोरी कर ले गए। उन्होंने गेहूं की कोठी का ताला भी तोड़ा, लेकिन वहां से उन्हें कुछ नहीं मिला। इसके अलावा अज्ञात बदमाशों ने बाजार में एक ज्वेलर्स की दुकान का शटर उठाकर अंदर प्रवेश किया, लेकिन वहां से भी उनके हाथ कुछ नहीं लगा।
इससे पहले 2 जुलाई की रात गांव सुल्तानपुरा, डेकली खेड़ा में भी चोरी की वारदातें हुई थीं। उन घटनाओं में चार महिलाओं के कान तोड़कर सोने के गहने और 95 हजार रुपए नकद चोरी किए गए थे। बदमाशों ने मंदिर का ताला तोड़कर भी आभूषण चुराए थे तथा पत्थरबाजी कर दो लोगों को घायल कर दिया था। लगातार बढ़ रही चोरी की इन घटनाओं से ग्रामीणों में गहरा रोष व्याप्त है। फिलहाल पुलिस दोनों ताजा वारदातों की रिपोर्ट दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच में जुटी हुई है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
