डीएसटी (चोरी निरोधक टीम) एवं पारसोली थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कस्बा पारसोली स्थित एक कपड़े की दुकान से नकदी चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए अंतरजिला गिरोह के दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई नकदी बरामद कर ली है।

जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि सम्पत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम एवं चोरी की वारदातों के शीघ्र खुलासे के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत डीएसटी (चोरी निरोधक) चित्तौड़गढ़ और पुलिस थाना पारसोली की संयुक्त टीम को यह महत्वपूर्ण सफलता मिली है। उन्होंने बताया कि टीम ने सतत आसूचना संकलन, मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने तथा तकनीकी विश्लेषण के आधार पर कार्रवाई करते हुए पारसोली कस्बे की कपड़े की दुकान में हुई नकदी चोरी की वारदात का सफल खुलासा किया और दो अंतरजिला शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की गई नकदी बरामद कर ली।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा एवं वृत्ताधिकारी बेगूं अंजली सिंह के निकट पर्यवेक्षण में सम्पत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम एवं वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत डीएसटी (चोरी निरोधक) चित्तौड़गढ़ एवं पुलिस थाना पारसोली की संयुक्त टीम का गठन किया गया था।

पुलिस के अनुसार 16 जुलाई 2026 को प्रार्थी राजेश जाट निवासी रघुनाथपुरा ने पुलिस थाना पारसोली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी कस्बा पारसोली में पुराने हॉस्पिटल एवं बस स्टैण्ड के मध्य बाजार में कपड़ों की दुकान है। 15 जुलाई 2026 को उसकी अनुपस्थिति में उसकी पत्नी दुकान पर बैठी हुई थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात व्यक्ति दुकान पर पहुंचे। इनमें से एक व्यक्ति मोटरसाइकिल के पास खड़ा रहा, जबकि दो व्यक्ति कपड़े खरीदने के बहाने दुकान में आए। एक आरोपी ने गमछा खरीदकर भुगतान के लिए 500 रुपये का नोट दिया। शेष राशि लौटाने के दौरान दूसरे आरोपी ने महिला का ध्यान कपड़े दिखाने में उलझाए रखा और उसके साथी ने मौका पाकर दुकान के गल्ले में रखी नकदी चोरी कर ली। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। इस संबंध में पुलिस थाना पारसोली पर भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 305(ए) के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए गठित टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का सूक्ष्म विश्लेषण किया। साथ ही सतत आसूचना संकलित करते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों एवं आवागमन का तकनीकी विश्लेषण किया गया। इसी दौरान टीम को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली, जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्ध आरोपियों की पहचान कर संभावित स्थानों पर दबिश दी गई। त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपियों को दस्तयाब कर गहन पूछताछ की गई तथा पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई नकदी भी बरामद कर ली।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेन्द्र पुत्र भंवरलाल, जाति बाबरी (गोस्वामी), उम्र 22 वर्ष, निवासी बापूनगर कच्ची बस्ती, पीर के बालाजी के पास, बालेटा रोड, कुन्हाड़ी तथा दिलीप पुत्र राजू बाबरी, जाति बाबरी, निवासी कच्ची बस्ती, रेलवे स्टेशन पुलिया के नीचे, थाना मानटाउन, जिला सवाई माधोपुर के रूप में हुई है।

प्रारम्भिक पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि वे भीड़भाड़ वाले स्थानों, विशेषकर श्री सांवलियाजी सेठ मंदिर तथा जिले में आयोजित विभिन्न रैलियों, मेलों एवं जुलूसों के दौरान लोगों का ध्यान भटकाकर जेबकटी और नकदी चोरी जैसी वारदातों को अंजाम देते हैं। पुलिस आरोपियों से इस प्रकार की अन्य वारदातों के संबंध में गहन एवं विस्तृत अनुसंधान कर रही है। साथ ही उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में सामने आया कि अभियुक्त दिलीप पुत्र राजू बावरी वर्ष 2022 में बैंक ऑफ बड़ौदा, सवाई माधोपुर में अपने अन्य साथियों के साथ पिस्टल की नोक पर 6.50 लाख रुपये की डकैती के मामले में भी आरोपी है, जिसमें प्रकरण वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है।

इस कार्रवाई में पुलिस थाना पारसोली से पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी आशुतोष सिंह, एएसआई भवानी सिंह, राजकुमार (साइबर सेल), कांस्टेबल सोनाराम, रघुवीर, गिरधारी और राजेन्द्र शामिल रहे। वहीं डीएसटी (चोरी निरोधक टीम) चित्तौड़गढ़ से कांस्टेबल रामावतार (साइबर सेल), सुनील कुमार, पदम कुमार, हेमराज, जोगेन्द्र, दुर्गेश तथा मनीष (साइबर सेल) ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

जिला पुलिस चित्तौड़गढ़ ने स्पष्ट किया है कि सम्पत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त वांछित, फरार एवं आदतन अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story