पारी गांव में जल संकट पर ग्रामीणों का जलदाय विभाग घेराव, पंप चालक स्थानांतरित
पानी की अनियमित आपूर्ति और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा, शिकायत के बाद पंप चालक का स्थानांतरण किया गया।

पारी ग्राम पंचायत में पेयजल संकट से परेशान ग्रामीणों ने शनिवार को भूपालसागर उपखंड अधिकारी और सहायक अभियंता को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा।
पारी ग्राम पंचायत में लंबे समय से जारी पेयजल संकट को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश शनिवार को खुलकर सामने आ गया। पानी की नियमित आपूर्ति न होने से परेशान ग्रामीणों ने जलदाय विभाग का घेराव कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया और जल आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग उठाई। इस दौरान ग्रामीणों ने भूपालसागर उपखंड अधिकारी महेश गागोरिया और सहायक अभियंता देवराज को ज्ञापन सौंपकर समस्या के तत्काल समाधान की अपील की।
वार्ड पंच कन्हैयालाल खारोल ने आरोप लगाया कि जनता जल योजना पारी के पंप चालक बाबूलाल खटीक द्वारा जल आपूर्ति में अनियमितता बरती जा रही थी। ग्रामीणों के अनुसार, शिकायत करने पर अभद्र व्यवहार किया गया और विभागीय अधिकारियों से मिलीभगत के चलते शिकायतों का समय पर निस्तारण नहीं हुआ। स्थिति यह हो गई कि प्रतिदिन होने वाली जल आपूर्ति अब सप्ताह या पखवाड़े में एक बार होने लगी, जिससे ग्रामीणों में असंतोष बढ़ता गया।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि विभाग द्वारा प्रतिदिन चार टैंकरों से जल आपूर्ति की व्यवस्था की गई थी, लेकिन मौके पर केवल एक टैंकर ही भेजा जा रहा था, जबकि रिपोर्ट में चार से पांच टैंकर दर्ज किए जाते थे। इसके अलावा, रात के समय जल सप्लाई कर कुछ लोगों को लाभ पहुंचाने के भी आरोप लगाए गए।
ग्रामीणों ने पाइपलाइन में कई जगह टूट-फूट और गंदे पानी के मिश्रण की समस्या भी उठाई, जिससे पेयजल दूषित हो रहा था और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। शिकायत के बाद विभागीय कार्रवाई में पंप चालक बाबूलाल खटीक को भूपालसागर स्थानांतरित कर दिया गया है तथा उनके स्थान पर पिंटू भील को नियुक्त किया गया है।
सहायक अभियंता देवराज ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की गई है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
