बिचौलियों की कमाई पर लगाम से विपक्ष बेचैन, ‘मन की बात’ के बाद फलासिया में गरजी जनसभा: सांसद सीपी जोशी
चित्तौड़गढ़ के भूपालसागर क्षेत्र के फलासिया गांव में ‘मन की बात’ के प्रसारण के बाद आयोजित विशाल जनसभा में सांसद सीपी जोशी ने केंद्र सरकार की योजनाओं का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। डीबीटी, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना और करोड़ों के विकास कार्यों के साथ विपक्ष पर तीखा हमला किया गया।

भूपालसागर (चित्तौड़गढ़)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ के प्रसारण के बाद रविवार को उपखण्ड क्षेत्र के फलासिया गांव में आयोजित विशाल जनसभा राजनीतिक संदेशों और विकास के संकल्पों का केंद्र बन गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी ने केंद्र सरकार की नीतियों को आमजन के जीवन में आए बदलाव से जोड़ते हुए प्रस्तुत किया और विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिचौलियों की काली कमाई बंद होने से विपक्ष को “पेट में दर्द” होना स्वाभाविक है।
सभा को संबोधित करते हुए सांसद जोशी ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में मजदूरों और गरीबों के अधिकारों पर भ्रष्ट तंत्र हावी था, जहां मेहनत की कमाई का बड़ा हिस्सा बिचौलियों की जेब में चला जाता था। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा लागू की गई डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) व्यवस्था को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे भ्रष्टाचार की जड़ों पर सीधा प्रहार हुआ है। सांसद ने कहा कि आज मजदूर का पसीना सूखने से पहले उसकी पूरी मजदूरी सीधे बैंक खाते में पहुंच रही है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि मनरेगा में कार्यदिवसों को 100 से बढ़ाकर 125 दिन किया गया है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है।
‘विकसित भारत’ के संकल्प को दोहराते हुए सांसद ने कहा कि देश का विकास तभी संभव है जब गांव, पंचायत, स्कूल और किसान सशक्त होंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने 2014 से पहले और वर्तमान स्थिति की तुलना की और इसे अभूतपूर्व बदलाव बताया। उन्होंने फलासिया क्षेत्र के भूमलावास की खेड़ी गांव का उदाहरण देते हुए कहा कि जहां कभी पक्के मकानों का अभाव था, वहां एक साथ 75 आवास स्वीकृत कर गरीब परिवारों को सुरक्षित छत प्रदान की गई है।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक जीनगर ने प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि यह मंच देश के गुमनाम नायकों को पहचान देता है। उन्होंने किसानों और युवाओं से जल संरक्षण तथा जैविक खेती को अपनाने का आह्वान किया और कहा कि सामूहिक रूप से कार्यक्रम सुनने का उद्देश्य सरकार के विजन को सीधे जनता तक पहुंचाना है। भाजपा मंडल अध्यक्ष हेमेन्द्र सिंह राणावत ने भी सांसद और विधायक द्वारा कराए गए विकास कार्यों को जनहित में मील का पत्थर बताया।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में विकास कार्यों की झड़ी लग गई। विद्युत समस्या के समाधान के लिए नए जीएसएस का विधिवत भूमि पूजन किया गया, वहीं फलासिया विद्यालय की चारदीवारी तथा भूमलावास की खेड़ी और बड़ी गांव में खुले बरामदों का लोकार्पण किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में फलासिया स्कूल में 15 लाख रुपये की लागत से प्रार्थना स्थल निर्माण, मटुनिया विद्यालय में तीन नए कक्षा कक्ष और भवन मरम्मत के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की गई। इसके अतिरिक्त फलासिया से बंजारों का खेड़ा तक डामर सड़क निर्माण और डीएमएफटी फंड से करोड़ों रुपये के विकास कार्य क्षेत्र की जनता को समर्पित किए गए।
जनसभा में भाजपा जिला मंत्री देशराज गुर्जर, एसटी मोर्चा जिलाध्यक्ष पन्नालाल भील, वरिष्ठ नेता लीलाधर जोशी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में ‘विकसित भारत’ योजना की विस्तृत जानकारी देकर जनसमूह को जागरूक किया गया। यह आयोजन न केवल राजनीतिक संदेश का मंच बना, बल्कि क्षेत्रीय विकास और सरकारी योजनाओं के प्रभाव को रेखांकित करता हुआ भविष्य की दिशा भी तय करता नजर आया।

Ruturaj Ravan
यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।
