अफीम डोडाचूरा बरामद: बेगूं पुलिस की कार्रवाई में दो आरोपी गिरफ्तार
बेगूं थाना पुलिस ने एनएच-27 पर ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत दो कारों से 90 किलो 900 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।

बेगूं पुलिस द्वारा ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत की गई कार्रवाई को दर्शाता प्रतीक चिन्ह।
ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत बेगूं थाना पुलिस ने एनएच-27 पर की गई दो अलग-अलग नाकाबंदी कार्रवाइयों में कुल 90 किलो 900 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज, उदयपुर गौरव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार मादक पदार्थों के भंडारण एवं परिवहनकर्ताओं के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत यह कार्रवाई की गई। एएसपी रावतभाटा भगवतसिंह हिंगड़ के निर्देशन तथा डीएसपी बेगू अंजलि सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी कमलचन्द मीणा के नेतृत्व में हैड कांस्टेबल भगवानलाल, कांस्टेबल ललित सिंह, बालकृष्ण, कलीराम, सुमेर, मनोहर, कमलेश व राजेन्द्र सिंह की टीम गठित कर एनएच-27 चित्तौड़गढ़ से कोटा जाने वाले मार्ग पर नाकाबंदी प्रारम्भ की गई।
पहली कार्रवाई के दौरान नाकाबंदी में आई एक हुंडई कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन कार चालक ने नाकाबंदी तोड़कर वाहन भगाने का प्रयास किया। पुलिस जाप्ता द्वारा स्टॉप स्टिक डालकर टायर पंचर करने के बाद वाहन को बमुश्किल रोका गया, हालांकि चालक कार को गौरला गांव से खेतों की ओर जाने वाले रास्ते में ले जाकर मौके से फरार हो गया। उक्त हुंडई कार से 45 किलो 460 किलोग्राम अफीम डोडाचूरा बरामद कर वाहन को जब्त किया गया।
इसके पश्चात एनएच-27 पर सरहद गौरला में पुनः नाकाबंदी प्रारम्भ की गई, जहां एक स्विफ्ट कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार में सवार दो व्यक्तियों को मौके पर पकड़ लिया, जबकि एक साथी भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश जारी है। पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम मानाराम पुत्र नोरतराम जाति जाट उम्र 19 वर्ष निवासी दादीया थाना अराई जिला अजमेर तथा बलराम पुत्र श्रीराम जाति जाट उम्र 25 वर्ष निवासी दादीया थाना अराई जिला अजमेर बताया। उक्त स्विफ्ट कार से 45 किलो 460 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा तथा घटना में प्रयुक्त वाहन को जब्त किया गया।
दोनों कार चालकों एवं साथ सवार व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस थाना बेगू पर एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान प्रारम्भ कर दिया गया है। पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई से अवैध मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क पर एक बार फिर प्रभावी प्रहार माना जा रहा है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
