प्रतापगढ़। राजस्थान पुलिस के 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' ने मादक पदार्थ तस्करों के नेटवर्क को एक बार फिर झकझोर कर रख दिया है। प्रतापगढ़ जिले के रठांजना थाना क्षेत्र में पुलिस और जिला स्पेशल टीम (DST) ने एक संयुक्त और साहसिक कार्रवाई को अंजाम देते हुए करीब 52 किलो अवैध अफीम डोडाचूरा जब्त किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 8 लाख रुपये मूल्य की इस खेप के साथ तीन अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी अंधेरे और खेतों का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा।

यह पूरी कार्रवाई 14 जनवरी 2026 की दोपहर उस समय शुरू हुई जब पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के कड़े निर्देशों पर रठांजना थानाधिकारी विजेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गादोला से डेरी मार्ग पर सघन नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान डेरी की ओर से एक सफेद रंग की बोलेरो आती दिखाई दी, जिसके ठीक पीछे एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार चल रही थी। पुलिस ने संदेह होने पर रुकने का इशारा किया, लेकिन तस्करों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने रुकने के बजाय वाहनों की गति बढ़ा दी और पुलिस की नाकाबंदी तोड़कर गादोला की ओर भाग निकले।

पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए तस्करों का पीछा शुरू किया। लगभग फिल्मी अंदाज में पीछा करते हुए पुलिस ने गादोला तालाब के पास वाटर वर्क्स रोड पर दोनों वाहनों को चारों तरफ से घेर लिया। आगे रास्ता बंद देख तस्करों ने वाहन घुमाने का असफल प्रयास किया। इसी अफरा-तफरी का लाभ उठाकर स्विफ्ट कार का चालक वाहन छोड़कर पास के खेतों में ओझल हो गया। हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी की और मौके से स्कॉटिंग कर रही बोलेरो के चालक तेजपाल सिंह सहित स्विफ्ट कार में सवार विक्रम सिंह और अनिल को दबोच लिया। जब स्विफ्ट कार की तलाशी ली गई, तो उसमें से 51 किलो 980 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद हुआ।

इस सफल ऑपरेशन को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा और वृत्ताधिकारी गजेंद्र सिंह राव के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। पूरी कार्रवाई में रठांजना थानाधिकारी विजेंद्र सिंह, देवगढ़ थानाधिकारी नगजीराम, लक्ष्मण सिंह, अर्जुन सिंह, नाथूलाल, रजनीश, प्रह्लाद और संदीप कुमार की सक्रियता रही। वहीं, जिला स्पेशल टीम और साइबर सेल के प्रभारी प्रताप सिंह, पन्नालाल, विनोद कुमार, शिवलाल, नरेंद्र सिंह, ओमप्रकाश और पंकज पाटीदार ने अपनी तकनीकी दक्षता का परिचय दिया। विशेष रूप से पंकज पाटीदार द्वारा की गई सटीक तकनीकी निगरानी और समन्वय इस पूरे चक्रव्यूह की सफलता की मुख्य कड़ी साबित हुआ। वर्तमान में रठांजना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश और तस्करी के मुख्य नेटवर्क को खंगालना शुरू कर दिया है।

Dilip Sen, Pratapgarh

Dilip Sen, Pratapgarh

नाम: दिलीप सेन

वर्तमान पद: रिपोर्टर, जिला मुख्यालय (प्रातः काल)

कार्यक्षेत्र: प्रतापगढ़ जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति, और धर्म-कर्म

परिचय 

दिलीप सेन राजस्थान के प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय पर रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह मुख्य रूप से प्रतापगढ़ जिले और जिला मुख्यालय से जुड़े आपराधिक मामलों (क्राइम), स्थानीय राजनीति और धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों (धर्म-कर्म) की खबरों को कवर करते हैं। इन विषयों में उनकी विशेष रुचि और अच्छी पकड़ है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

दिलीप सेन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में विभिन्न प्रिंट और डिजिटल न्यूज़ चैनलों के साथ काम करने का अनुभव है। वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक भास्कर
  • सीधा सवाल
  • सच बेधड़क न्यूज़ चैनल
  • प्रातः काल (जिसके साथ वह साल 2025 से निरंतर जुड़े हुए हैं)

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं पास तक पूरी की है।

Next Story