दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट अभ्यर्थियों और अन्य छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में शुक्रवार को चित्तौड़गढ़ में एनएसयूआई ने शांति मार्च निकालकर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने घटना की निष्पक्ष जांच, दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और शिक्षा व्यवस्था में सुधार सहित कई मांगें उठाईं।

एनएसयूआई के कार्यकारी जिला अध्यक्ष संजय राव के नेतृत्व में महाराणा प्रताप राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय से छात्र-छात्राओं ने काले वस्त्र पहनकर शांति मार्च निकाला। अनुशासित तरीके से निकाला गया यह मार्च कलेक्ट्रेट पहुंचा, जहां विद्यार्थियों ने मानव श्रृंखला बनाकर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराया।

कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद सभी छात्र मुख्य द्वार के बाहर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन के दौरान छात्र नेताओं ने जिला कलेक्टर से मौके पर आकर ज्ञापन लेने की मांग की। जिला कलेक्टर के मुख्य द्वार पर नहीं आने पर छात्रों ने डॉ. भीमराव अंबेडकर, महात्मा गांधी और भगत सिंह के चित्रों के समक्ष पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और प्रतीकात्मक रूप से ज्ञापन समर्पित किया।

एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने जंतर-मंतर की घटना की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और छात्र आंदोलनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। ज्ञापन में केंद्र सरकार से जंतर-मंतर की घटना की उच्चस्तरीय और समयबद्ध जांच कराने, दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए छात्र प्रतिनिधियों से संवाद शुरू करने तथा भविष्य में छात्र आंदोलनों के दौरान ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्पष्ट नीति बनाने की मांग की गई।

इसके साथ ही ज्ञापन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग भी दोहराई गई। एनएसयूआई नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों से जुड़े मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को जिला स्तर से राष्ट्रीय स्तर तक और व्यापक बनाया जाएगा।

प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन सुबह से ही अलर्ट रहा। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में कलेक्ट्रेट परिसर के तीनों प्रमुख प्रवेश मार्गों पर बैरिकेडिंग कर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। मुख्य द्वार भी सुरक्षा कारणों से बंद रखा गया।

कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन के दौरान एक अलग तस्वीर देखने को मिली। सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे कई पुलिसकर्मी हाथों में गुलाब के फूल लिए तैनात रहे, वहीं धरने पर बैठे एनएसयूआई कार्यकर्ताओं और छात्र-छात्राओं के हाथों में भी गुलाब के फूल नजर आए। बैरिकेडिंग और मुख्य द्वार बंद रहने के बावजूद दोनों पक्षों ने पूरे समय संयम बनाए रखा।

करीब एक घंटे तक चला यह प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और कहीं भी तनाव या टकराव की स्थिति नहीं बनी। कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस उपाधीक्षक बृजेश सिंह, दिनेश सुखवाल, भूराराम, कोतवाल रजनीश, यातायात थानाधिकारी मोतीराम सारण सहित पर्याप्त मात्रा में पुलिस जाप्ता तैनात रहा।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story