निकुंभ समता भवन में 49 दिनों से प्रवचन जारी, माता-पिता की सेवा और सामाजिक बुराइयों पर जोर
निकुंभ समता भवन में 49 दिनों से जारी प्रवचन श्रृंखला में निश्चल मुनि ने माता-पिता की सेवा, महापुरुषों की शिक्षाओं, कन्या भ्रूण हत्या, दिखावे और मोबाइल संस्कृति से जुड़े सामाजिक मुद्दों पर श्रावकों को संदेश दिया।

तस्वीर में निकुंभ के समता भवन के प्रवेश द्वार पर श्रावक और ग्रामीण सामूहिक रूप से खड़े नजर आ रहे हैं।
निकुंभ के समता भवन में विगत 49 दिनों से चल रही प्रवचन श्रृंखला में शासन दीपक निश्चल मुनि आदि ठाणा-2 ने श्रावकों को महापुरुषों के जीवन चरित्र और उनकी शिक्षाओं से जीवन को दिशा देने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि महापुरुषों का जीवन चरित्र पढ़कर मानव शील, तप और दान का महत्व समझ सकता है। भगवान महावीर और श्रीकृष्ण महाराज के चरित्र से जीवन जीने की राह मिलती है।
सनातन श्रावक चांदमल खोईवाल मिन्नाणा ने बताया कि मुनि श्री ने वर्तमान की एकल परिवार व्यवस्था में माता-पिता के प्रति बढ़ती उपेक्षा को समाज के लिए बहुत बड़ा दुर्भाग्य बताया। उन्होंने वृद्धाश्रम और अनाथालय की अवधारणा को भविष्य के लिए खतरा बताते हुए मानव जीवन में माता-पिता की सेवा को ईश्वर की सच्ची सेवा कहा। साथ ही महापुरुषों की शिक्षाओं पर चिंतन-मनन करने का आवाह्न किया।
प्रवचन के दौरान उन्होंने कन्या भ्रूण हत्या जैसे जघन्य अपराधों के साथ विभिन्न सामाजिक कार्यों में बढ़ती दिखावे की संस्कृति और फिजूलखर्ची की ओर भी श्रावकों का ध्यान आकृष्ट किया। उन्होंने कहा कि बुराइयों से बचकर स्वच्छ और स्वस्थ समाज का निर्माण किया जा सकता है। मानव अपने जीवन में श्रेष्ठ व्यवहारिक ज्ञान का उपयोग कर अपने जीवन को संवार सकता है।
वर्तमान की मोबाइल संस्कृति को लेकर भी मुनि श्री ने युवा वर्ग के भटकाव की बात कही। उन्होंने जीवन में कर्म की प्रधानता को प्राथमिकता देने का संदेश देते हुए महापुरुषों के प्रति कृतज्ञ बने रहने की बात कही।
कार्यक्रम में संत वंदन एवं सुख साता की कामना श्रावक दिलीप कुमार सहलोत ने की। प्रभावना महावीर कुमार गौरव कुमार मेहता की ओर से वितरित की गई। इस अवसर पर तपस्वी श्रावक नंदलाल सालवी के 37 दिवस निरंतर तप तपस्या की हर्ष अनुमोदना की गई और धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

Pradeep Vaishnav, Chittorgarh
नाम: प्रदीप वैष्णव
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: बड़ी सादड़ी तहसील
अनुभव: 26 साल (सन 2000 से 'प्रातःकाल' के साथ कार्यरत)
परिचय
प्रदीप वैष्णव बड़ी सादड़ी तहसील क्षेत्र के एक अनुभवी पत्रकार हैं। वह स्थानीय समाचारों, सामाजिक गतिविधियों, शिक्षा और क्राइम रिपोर्टिंग के क्षेत्रों में मुख्य रूप से सक्रिय हैं। वह सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़े विषयों में विशेष रुचि रखते हैं। तथ्यात्मक और सरल रिपोर्टिंग को प्राथमिकता देना तथा जनहित से संबंधित विषयों को निष्पक्ष रूप से प्रस्तुत करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा है।
बीट और विशेषज्ञता
- स्थानीय समाचार: बड़ी सादड़ी तहसील और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय व सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग।
- क्राइम: क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई और अपराध से जुड़े मामलों की कवरेज।
- शिक्षा: शैक्षणिक गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े विषय और शिक्षा संबंधी समाचार।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
B.A. जर्नलिज्म (पत्रकारिता में स्नातक)
