निंबाहेड़ा (उदय रेजिडेंसी कॉलोनी) में शुक्रवार तड़के उस समय सनसनी फैल गई जब अज्ञात चोरों ने कॉलोनी के भीतर एक साथ दो सूने मकान को निशाना बनाते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया। करीब सुबह 3 बजे से 5 बजे के बीच हुई इस घटना में पांच संदिग्ध बदमाशों ने सूने मकानों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषणों सहित नकदी पर हाथ साफ कर दिया।

पहली घटना लोकेश सोनी के मकान में सामने आई, जो परिवार सहित हरिद्वार गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने मकान का ताला तोड़कर अलमारी और लॉकर खंगाल डाले। चोरी गए सामान में लगभग 35 ग्राम सोने के आभूषण, करीब एक किलोग्राम चांदी के आभूषण और 70 हजार रुपये नकद शामिल हैं। पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट पर कोतवाली थाने में मामला दर्ज किया गया है।

दूसरी वारदात महेश साहू (तेली परिवार) के मकान में हुई, जहां परिवार के सदस्य कुछ समय के लिए अन्य स्थान पर गए हुए थे। चोरों ने यहां भी ताले तोड़कर घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। रिपोर्ट के अनुसार यहां से लगभग 2.5 तोला सोने की चेन, आधा तोला सोने की अंगूठी, मंगलसूत्र, ईयररिंग, कान की बालियां (लगभग तीन तोला वजन), एक चांदी की अंगूठी, 200 ग्राम चांदी की पायल और करीब 65 हजार से 90 हजार रुपये नकद चोरी हुए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर सुबह करीब 3 बजे पांच संदिग्ध युवक इलाके में घूमते दिखाई दिए, जिनके साथ एक श्वान भी नजर आया। फुटेज में चोरों द्वारा ताले तोड़ने के लिए पत्थर या सरिये का इस्तेमाल किए जाने के संकेत भी मिले हैं।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज तथा डॉग स्क्वॉड की मदद से आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। लगातार हुई इन वारदातों से कॉलोनी में दहशत का माहौल है और रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Updated On
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story