आचार्य श्री निपुणरत्न सुरीश्वर जी म.सा. का भव्य मंगल प्रवेश, प्रतिष्ठा महोत्सव के प्रथम दिवस उमड़ी श्रद्धा की विशाल धारा
निंबाहेड़ा में श्री सुमतिनाथ जैन श्वेताम्बर मंदिर प्रतिष्ठा महोत्सव के प्रथम दिवस आचार्य श्री निपुणरत्न सुरीश्वर जी म.सा. के भव्य मंगल प्रवेश ने श्रद्धालुओं में अद्भुत उत्साह भर दिया। धार्मिक अनुष्ठानों और भव्य वरघोड़े ने पूरे नगर को भक्तिमय बना दिया।

निंबाहेड़ा के श्री सुमतिनाथ जैन श्वेताम्बर मंदिर में आयोजित भव्य प्रतिष्ठा महोत्सव के पहले दिन सोमवार को आचार्य श्री के सानिध्य में विधि-विधान पूर्वक पूजा-अर्चना करते श्रद्धालु।
श्री सुमतिनाथ जैन श्वेताम्बर मंदिर में आयोजित भव्य प्रतिष्ठा महोत्सव के प्रथम दिवस सोमवार को धर्म, आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रातःकाल आचार्य श्री निपुणरत्न सुरीश्वर जी म.सा. आदि ठाणा 5 के नगर में मंगल प्रवेश के साथ ही श्रद्धालुओं में उत्साह का वातावरण छा गया और पूरा नगर धार्मिक उल्लास से सराबोर दिखाई दिया।
रानीखेड़ा तीर्थ से प्रारंभ हुई मंगल प्रवेश यात्रा अहिंसा सर्किल, नई कोर्ट, कॉलेज रोड और जयंतसेन नगर होते हुए श्री सुमतिनाथ जैन श्वेताम्बर मंदिर परिसर पहुंची। मंदिर पहुंचने पर प्रतिष्ठा महोत्सव के लाभार्थी पारख परिवार ने आचार्य श्री की पारंपरिक गवली कर अक्षत से वधामना की तथा विधिवत मंदिर परिसर में प्रवेश कराया।
इस अवसर पर पूज्या श्री अर्हतरेखा श्री जी म.सा. आदि ठाणा 5 का भी अरिहंत ट्रांसपोर्ट से अहिंसा सर्किल तक आचार्य श्री के साथ नगर प्रवेश सम्पन्न हुआ। इसके बाद श्री शंखेश्वर पार्श्वनाथ भगवान, श्री मुनिसुव्रत स्वामी भगवान तथा श्री सीमंधर स्वामी भगवान की प्रतिमाओं को सुसज्जित रथों में विराजित कर भव्य वरघोड़े के रूप में मंदिर तक लाया गया। धर्ममय वातावरण के बीच समाजजनों की बड़ी संख्या ने इस आयोजन में सहभागिता कर श्रद्धा व्यक्त की।
मंदिर परिसर में आचार्य श्री की निश्रा में नव प्रतिष्ठित प्रतिमाओं की विधि-विधानपूर्वक वधामना सम्पन्न हुई। विधिकारक नागेश्वर भाई के मार्गदर्शन में निर्धारित शुभ मुहूर्त पर चारों प्रतिमाओं को मंदिर परिसर में प्रवेश कराया गया। इस धार्मिक आयोजन में सकल जैन समाज निंबाहेड़ा के अनेक महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर धर्मलाभ अर्जित किया।
मंगल प्रवेश एवं प्रतिमा वधामना के उपरांत पारख परिवार द्वारा नवकारसी का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। वहीं दोपहर में आयोजित श्री पार्श्वनाथ पंचकल्याणक पूजा भी श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच सम्पन्न हुई।
प्रतिष्ठा महोत्सव के प्रथम दिवस आयोजित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत किया। लाभार्थी पारख परिवार ने उपस्थित सभी श्रद्धालुओं का ‘जय जिनेन्द्र’ के साथ आत्मीय अभिनंदन करते हुए आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी धर्मप्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त किया। भक्ति, अनुशासन और धार्मिक उल्लास से परिपूर्ण यह आयोजन निंबाहेड़ा के धार्मिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में याद किया जाएगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
