सनातन धर्म की अटूट परंपराओं और आध्यात्मिक चेतना के नव-जागरण के ध्येय के साथ निंबाहेड़ा की पावन धरा पर आयोजित होने वाले आगामी सप्त दिवसीय श्रीमद भागवत कथा महोत्सव का आधिकारिक शंखनाद पोस्टर विमोचन के साथ संपन्न हुआ। लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3233 के तत्वावधान में आयोजित रीजनल कॉन्फ्रेंस “शिवोहम समारोह” के गरिमामय मंच पर रविवार दोपहर इस पोस्टर का भव्य विमोचन किया गया, जिसने समूचे क्षेत्र के धर्मप्रेमियों में उत्साह का संचार कर दिया है।

इस मांगलिक अवसर पर प्रख्यात कथा वाचक संत श्री दिग्विजयरामजी महाराज ने मंत्रोच्चार के बीच विधिवत रूप से महोत्सव के पोस्टर का अनावरण किया। कार्यक्रम की महत्ता को देखते हुए एम जे एफ लायन दिनेश बाबानी (अध्यक्ष, लायंस क्लब मंदसौर) सहित क्षेत्र के कई प्रतिष्ठित गणमान्य जन साक्षी बने। इस दौरान विशेष रूप से निंबाहेड़ा का सोनी (माहेश्वरी) परिवार और आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे। सोनी परिवार के प्रतिनिधि के रूप में सूरज सोनी, मनीष सोनी, नितेश सोनी, कन्हैयालाल सोनी, वंश सोनी, पुष्करलाल सोमानी, रमेश चाष्टा, नानालाल भूतड़ा, सुरेश तोतला, विजय आगार, कैलाश लड्डा, विकास मूंदड़ा एवं विक्रम खेरोदिया सहित अन्य प्रबुद्ध जनों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए इस पुनीत कार्य के प्रति अटूट आस्था और पूर्ण सहयोग का संकल्प दोहराया।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, यह भव्य धार्मिक अनुष्ठान विक्रम संवत् 2082, ज्येष्ठ बुदी 11, गुरुवार 13 मई 2026 से प्रारंभ होकर ज्येष्ठ सुदी 3, मंगलवार 19 मई 2026 तक अनवरत चलेगा। आयोजन के लिए निंबाहेड़ा स्थित कृषि उपज मंडी समिति परिसर के न्यू गेट, छोटीसादड़ी रोड का चयन किया गया है, जहाँ प्रतिदिन दोपहर 1:00 बजे से सायं 4:30 बजे तक भक्ति और ज्ञान की सरिता बहेगी। संत श्री दिग्विजयरामजी महाराज अपनी अमृतवाणी से श्रीमद भागवत महापुराण के गूढ़ प्रसंगों, भगवान श्रीकृष्ण की अलौकिक लीलाओं, भक्ति, ज्ञान एवं वैराग्य के मर्म को श्रद्धालुओं के समक्ष प्रस्तुत करेंगे।

आयोजकों का मानना है कि इस महोत्सव का मूल उद्देश्य समाज में नैतिक मूल्यों की पुनर्स्थापना और युवा पीढ़ी को अपनी समृद्ध संस्कृति व संस्कारों से जोड़ना है। उपस्थित अतिथियों ने भी इस प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हुए व्यक्ति को धर्म, कर्म और मोक्ष के मार्ग पर अग्रसर करते हैं। अंत में आयोजक परिवार ने क्षेत्र के समस्त नागरिकों से इस दिव्य कथा का लाभ उठाने और अधिकाधिक संख्या में पधारकर आयोजन को सफल बनाने की भावपूर्ण अपील की है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story