निम्बाहेड़ा। सावन मास के प्रारंभ पर शुक्रवार को निकटवर्ती बडोली माधोसिंह के रावला परिक्षेत्र स्थित 421 वर्ष पुराने शिव मंदिर परिसर में हरियालो राजस्थान अभियान के तहत “एक पौधा मां के नाम” अभियान के अंतर्गत कल्पवृक्ष के जोड़े लगाए गए। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने ग्रामीण क्षेत्र में खुशी एवं आध्यात्मिक वातावरण के निर्माण के उद्देश्य से पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम में जौहर स्मृति संस्थान चित्तौड़गढ़ के अध्यक्ष ठाकुर नारायण सिंह बड़ौली मुख्य अतिथि, एडवोकेट लक्ष्मण सिंह विशिष्ट अतिथि तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य रविंद्र उपाध्याय अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान शिव मंदिर परिसर में कल्पवृक्ष के जोड़े लगाए गए और अन्य पौधों का भी सघन पौधारोपण किया गया।

इस अवसर पर जौहर स्मृति संस्थान के अध्यक्ष ठाकुर नारायण सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों के माध्यम से युवा पीढ़ी में पौधारोपण के संस्कार विकसित करने के लिए विद्यालयों को जनसहयोग से निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को देश में सांस्कृतिक वातावरण के निर्माण के लिए धार्मिक और औषधीय महत्व वाले पौधों के पौधारोपण को प्राथमिकता देनी चाहिए।

इससे पूर्व वृक्षारोपण प्रभारी रामेश्वर लाल मेघवाल और जयसिंह मीणा ने बताया कि कल्पवृक्ष मेन तथा प्रधानाचार्य रविंद्र उपाध्याय द्वारा उपलब्ध कराए गए कल्पवृक्ष के जोड़ों की वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद शिव मंदिर परिसर में कल्पवृक्षों सहित सघन पौधारोपण किया गया।

कार्यक्रम में उप्राचार्य प्रियंका, गुंजन जैन सहित विद्यालय के अनेक विद्यार्थी भी उपस्थित रहे। सावन मास के दौरान आयोजित इस पौधारोपण अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण के निर्माण का संदेश दिया गया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story