निम्बाहेड़ा। दीपावली के अवसर पर निम्बाहेड़ा का प्रमुख व्यावसायिक एवं सामाजिक केंद्र शेखावत सर्कल मंडी चौराहा रंग-बिरंगी विद्युत रोशनी से जगमगा उठा। नगर परिषद के वर्तमान बोर्ड की पहल पर की गई आकर्षक विद्युत सजावट ने चौराहे का स्वरूप बदल दिया। रात के समय रोशनी से नहाए इस चौराहे की भव्यता लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। शहरवासी इसकी सजावट को देखकर इसे एफिल टावर जैसी अनुभूति देने वाला स्थल बता रहे हैं।

शेखावत सर्कल चौराहा लंबे समय से क्षेत्रीय विधायक श्रीचंद कृपलानी की विशेष मित्र मंडली के मिलन और ठहराव का प्रमुख केंद्र रहा है। उस दौर में चुनावी गतिविधियों के दौरान भी यह क्षेत्र विशेष रूप से गुलजार रहता था। समय के साथ नगर परिषद के कई बोर्ड आए और चले गए, लेकिन मंडी चौराहे को इस तरह आकर्षक विद्युत रोशनी से सजाने का नजारा लंबे समय बाद देखने को मिला है।

इस बार दीपावली पर नगर परिषद के वर्तमान बोर्ड की पहल से की गई विद्युत सजावट ने शेखावत सर्कल सहित प्रमुख चौराहे की तस्वीर बदल दी। रंग-बिरंगी रोशनी से सजा चौराहा रात में विशेष आकर्षण का केंद्र बन गया। इसकी भव्य सजावट ने स्थानीय लोगों के साथ यहां से गुजरने वाले लोगों को भी आकर्षित किया।

दीपावली की रोशनी के बीच क्षेत्रीय विधायक श्रीचंद कृपलानी की शेखावत सर्कल मंडी चौराहे पर मौजूदगी भी चर्चा का विषय रही। आकर्षक विद्युत सजावट से प्रभावित विधायक की उपस्थिति में वहां से गुजर रहे लोगों ने रोशनी के साथ उनके साथ भी फोटो और सेल्फी खिंचवाई। देखते ही देखते मंडी चौराहा लोगों के लिए आकर्षक सेल्फी प्वाइंट बन गया और लोगों ने इन यादगार पलों को कैमरे में कैद किया।

नगरवासियों एवं जागरूक नागरिकों ने नगर परिषद के जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से आग्रह किया है कि शेखावत सर्कल चौराहे की इस आकर्षक विद्युत सजावट को आगामी छोटी दीपावली तक यथावत रखा जाए, ताकि दीपोत्सव के दौरान नगर की रौनक और आकर्षण बरकरार रह सके।

Next Story