निम्बाहेड़ा: पांच विद्यालयों का औचक निरीक्षण, प्रवेशोत्सव और योजनाओं की समीक्षा
मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी के आदेश पर पांच स्कूलों में प्रवेशोत्सव प्रगति, हाउसहोल्ड सर्वे और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की सघन जांच की गई।

राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप शैक्षणिक सत्र के आगाज़ और 'प्रवेशोत्सव' कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने हेतु शिक्षा विभाग पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) प्रमोद कुमार दशोरा एवं मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अरविंद कुमार मूंदड़ा के आदेशानुसार, क्षेत्र के पांच राजकीय विद्यालयों का सघन औचक निरीक्षण किया गया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गुडाखेड़ा के यथास्थान कार्यग्रहण प्रधानाचार्य दीपक कुमावत द्वारा यह विशेष निरीक्षण अभियान राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बिनोता, पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जावदा द्वितीय, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मिण्डाना, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मण्डलाचारण एवं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बरवाड़ा में संचालित किया गया। इस कार्यवाही का मुख्य उद्देश्य प्रवेशोत्सव की प्रगति के साथ-साथ राज्य सरकार की विभिन्न फेलोशिप योजनाओं के धरातल पर क्रियान्वयन की समीक्षा करना था।
निरीक्षण के दौरान प्रधानाचार्य दीपक कुमावत ने विद्यालय के संस्था प्रधानों और प्रभारियों से प्रवेशोत्सव की प्रगति रिपोर्ट, प्रवेश योग्य बच्चों की संख्या, अनामांकित एवं ड्रॉप आउट बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयासों की विस्तृत जानकारी ली। इसके साथ ही ऑनलाइन डाटा फीडिंग, विद्यार्थियों के नियमित गृहकार्य की जांच, निःशुल्क पाठ्य पुस्तक वितरण, मिड-डे-मील (एमडीएम) के स्टॉक की स्थिति और विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर गहन समीक्षा की गई। निरीक्षणकर्ता ने प्रभावी प्रार्थना सभा के आयोजन सहित विद्यालय में संचालित समस्त गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और अभिलेख संधारण संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रवेशोत्सव हाउसहोल्ड सर्वे की ऑनलाइन प्रगति रिपोर्ट समय पर अपडेट की जाए और इस आशय का प्रमाण पत्र उच्चाधिकारियों को प्रेषित किया जाए कि आवंटित परिक्षेत्र में एक भी परिवार सर्वे से वंचित नहीं रहा है।
इस दौरान राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बिनोता के प्रधानाचार्य डॉ. हीरालाल लुहार व प्रभारी देवेंद्र सिंह शक्तावत, मिण्डाना के प्रधानाचार्य अशोक कुमार छाजेड़, मण्डलाचारण के प्रधानाचार्य रवींद्र सिंह सिसोदिया, जावदा द्वितीय के प्रधानाचार्य राजेंद्र सिंह राणावत व प्रभारी बंशीलाल सुथार तथा बरवाड़ा के प्रधानाचार्य मोहम्मद राशिद ने अपने-अपने विद्यालयों से संबंधित आवश्यक सूचनाएं एवं रिकॉर्ड प्रस्तुत किए। निरीक्षण के दौरान सेवानिवृत्त शिक्षक गोपाल तिवारी ने विद्यार्थियों के नामांकन एवं ठहराव को लेकर महत्वपूर्ण अनुभव साझा किए। निरीक्षणकर्ता प्रधानाचार्य दीपक अन्यावड़ा (कुमावत) ने शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार हेतु आवश्यक सुझाव दिए, जिसके पश्चात व्याख्याता राधेश्याम शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया। यह निरीक्षण अभियान क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को सुदृढ़ करने और सरकारी योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत विद्यार्थियों तक पहुँचाने की दिशा में एक प्रभावी कदम माना जा रहा है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
