निम्बाहेड़ा, 18 जुलाई। डला-किशनपुरा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में हेल्पिंग हैंड यूथ सोसायटी द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए विद्यालय को विभिन्न खेल सामग्री भेंट की गई। खेल सामग्री मिलने से विद्यार्थियों में खुशी की लहर देखने को मिली।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर अतिथियों के अभिनंदन के साथ हुई। इस दौरान विद्यालय को क्रिकेट बैट, स्टंप सेट, पैड, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बैडमिंटन रैकेट, वॉलीबॉल नेट, बैटिंग ग्लव्स, कीपिंग ग्लव्स, शटल कॉक, टेनिस बॉल, फर्स्ट एड बॉक्स, शतरंज, डार्ट गेम, स्किपिंग रोप, कैरम बोर्ड तथा हुला हूप सहित अन्य खेल सामग्री प्रदान की गई।

कार्यक्रम में मुख्य शिक्षा अधिकारी अरविन्द मुंदडा ने अपने उद्बोधन में कहा कि संस्था द्वारा दी गई दान सामग्री का हमेशा सही उपयोग कर उनके इस प्रयास को सफल बनाना है। उन्होंने विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई गई खेल सुविधाओं के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

इस अवसर पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य गौरव बाला कच्छावा तथा सेमरिया के प्रधानाचार्य जगदीश चन्द्र शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन चंद्र प्रकाश जोशी ने किया।

कार्यक्रम के दौरान संस्था के सदस्य ने हेल्पिंग हैंड यूथ सोसायटी की विभिन्न गतिविधियों और उपलब्धियों का विस्तृत परिचय प्रस्तुत किया। अतिथियों ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

विद्यालय परिवार ने खेल सामग्री उपलब्ध कराने के लिए संस्था सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों में बेहतर अवसर मिलेंगे और उनकी प्रतिभा को नई दिशा मिलेगी।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story