निंबाहेड़ा में रिटायर्ड अध्यापिका के घर में घुसकर मारपीट करने और सोने के जेवरात, मोबाइल व नकदी लूटने वाली गैंग का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। जिला स्पेशल टीम (चोरी निरोधक टीम) और थाना कोतवाली निंबाहेड़ा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गैंग के दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी-लूट का माल बरामद किया है, जबकि गिरोह के चार अन्य सदस्यों को नामजद किया गया है।

जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि 7 अप्रैल 2026 को माया पुत्री मोतीलाल अग्रवाल, रिटायर्ड अध्यापिका, निवासी अम्लीया बावजी रोड, शास्त्री कॉलोनी, निंबाहेड़ा ने थाना कोतवाली निंबाहेड़ा में लिखित रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट के अनुसार, वह मध्य रात्रि में अपने मकान में अकेली सो रही थीं। रात करीब 2 से 3 बजे के बीच 5-6 अज्ञात व्यक्ति खिड़की तोड़कर मकान में घुस आए।

आरोपियों ने माया के पहने हुए सोने के जेवरात, एक मंगलसूत्र, कानों के टॉप्स, नाक का कांटा, कान में सुनने की मशीन, एंड्रॉयड मोबाइल और नकदी लूट ली। रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपियों ने करीब 20 मिनट तक उनके साथ मारपीट की और उनसे अन्य पैसे व सोने के जेवरात के बारे में पूछते रहे। मारपीट में उनकी आंख में चोट लगी, जिसके कारण दो बार ऑपरेशन हुआ।

रिपोर्ट पर थाना कोतवाली निंबाहेड़ा में प्रकरण दर्ज कर थाना पुलिस और डीएसटी की टीम गठित की गई। टीमों ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई इसी प्रकार की वारदातों की जानकारी जुटाई और कस्बा निंबाहेड़ा के सीसीटीवी फुटेज प्राप्त किए। इसके साथ ही पूर्व में चालानशुदा अपराधियों के रिकॉर्ड की निगरानी की गई और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर चोरी एवं लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाली गैंग का पर्दाफाश किया। कार्रवाई के दौरान गैंग के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि चार अन्य सदस्यों को नामजद किया गया। गिरफ्तार दोनों आरोपियों से चोरी का माल भी बरामद किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनसे अन्य वारदातों के खुलासे की प्रबल संभावना जताई गई है।

गिरफ्तार आरोपियों में नारायण पुत्र शंकर नाथ कालबेलिया, उम्र 30 वर्ष, निवासी आम्बा, थाना बड़लियास, भीलवाड़ा और हेमराज पुत्र भंवर नाथ कालबेलिया, निवासी मोजमगरी, थाना हमीरगढ़, भीलवाड़ा शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, नारायण कालबेलिया के विरुद्ध चोरी, महिलाओं के जेवर लूटने और चोरी की वारदातों के छह प्रकरण जयपुर, भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ में दर्ज हैं।

कार्रवाई करने वाली थाना कोतवाली निंबाहेड़ा की टीम में थानाधिकारी प्रवीण टांक, एएसआई तेजसिंह, राजकुमार (एएसआई साइबर सेल), कांस्टेबल प्रमोद, लोकेश और राजुराम शामिल रहे। वहीं जिला विशेष टीम (चोरी निरोधक टीम) में टीम प्रभारी कांस्टेबल रामावतार तथा कांस्टेबल सुनील कुमार, दुर्गेश, हेमराज, पदम कुमार, जोगेन्द्र, मनीष, पुरखाराम, राकेश, मुकेश कुमार और साहिल शामिल रहे।

Next Story