राजस्थान के निंबाहेड़ा में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सदर थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने संयुक्त नाकेबंदी के दौरान एक टाटा ट्रक से 287 किलो 720 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। तस्कर ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए गांजे की खेप को नर्सरी के पौधों की आड़ में छिपाकर रखा था, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने इस नापाक मंसूबे को विफल कर दिया।

घटना का विवरण देते हुए जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशों पर अवैध नशों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एएसपी मुकुल शर्मा के मार्गदर्शन और डीएसपी निंबाहेड़ा बद्रीलाल के पर्यवेक्षण में थानाधिकारी संजय शर्मा की टीम ने हाईवे पर नाकेबंदी कर रखी थी। इसी दौरान संदेह के आधार पर एक टाटा ट्रक को रुकवाया गया। तलाशी लेने पर पौधों के गमलों के पीछे गांजे की भारी मात्रा बरामद हुई। पुलिस ने ट्रक चालक शिवराज जाट, निवासी रूपाहेली, जिला भीलवाड़ा को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है।

इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम में एसआई सुरेश चंद, हेड कांस्टेबल महावीर सिंह सहित जीवनलाल, सूर्यभान सिंह, बाबूलाल और शिवकुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं, डीएसटी प्रभारी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में कांस्टेबल रतनसिंह, मनोज कुमार, बलराम मीणा, प्रीतम, बलराम, कमलेश और अजय कुमार ने सराहनीय कार्य किया। फिलहाल, पुलिस की टीम इस तस्करी से जुड़े अंतरराज्यीय गिरोह और गांजे के मुख्य स्रोत का पता लगाने के लिए आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। मादक पदार्थों की इतनी बड़ी खेप की बरामदगी इलाके में नशीले पदार्थों के नेटवर्क पर एक बड़ी चोट मानी जा रही है।

Next Story