निम्बाहेड़ा में अवैध झगड़ा राशि वसूली पर पुलिस की सख्त चेतावनी
पुलिस अधीक्षक ने कहा, सामाजिक दबाव बनाकर जबरन वसूली करने वालों के खिलाफ दर्ज होगा मामला। बालिगों को विवाह की पूर्ण स्वतंत्रता है।

निम्बाहेड़ा में अवैध वसूली के खिलाफ जारी चेतावनी का सांकेतिक चित्र। (Image generated by AI for illustrative purposes.)
निम्बाहेड़ा। समाज में वर्षों से व्याप्त कुछ कुप्रथाएं आज भी अनेक परिवारों के लिए गहरा आर्थिक एवं सामाजिक संकट उत्पन्न कर रही हैं। विशेष रूप से बालिग युवक-युवतियों द्वारा स्वेच्छा और सहमति से नाता-विवाह या विवाह करने के मामलों में, समाज के कुछ तथाकथित पंच-पटेल एवं प्रभावशाली व्यक्ति सक्रिय हो जाते हैं। ये लोग अवैध रूप से सामाजिक दबाव बनाकर लड़के के परिवार से 'झगड़ा राशि' के नाम पर लाखों रुपये की मनमानी वसूली करते हैं। प्राप्त सूचनाओं के अनुसार, इस अवैध वसूली में संबंधित व्यक्तियों का निजी स्वार्थ एवं आर्थिक लाभ निहित होता है। ऐसी जबरन वसूली से अनेक परिवार कर्ज के बोझ तले दब जाते हैं और उन्हें अपनी भूमि व संपत्ति तक बेचने को मजबूर होना पड़ता है, जिसका समाज के आर्थिक विकास एवं शिक्षा के अवसरों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह ने इस गंभीर स्थिति पर कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि किसी भी व्यक्ति या परिवार पर सामाजिक दबाव बनाकर धनराशि वसूलना, समाज से बहिष्कृत करना, सामाजिक प्रतिबंध लगाना या अवैध जुर्माना आरोपित करना पूरी तरह से कानून विरुद्ध है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि संविधान एवं कानून प्रत्येक बालिग नागरिक को अपनी इच्छा से विवाह करने और सम्मानपूर्वक जीवन जीने का पूर्ण अधिकार प्रदान करता है।
पुलिस अधीक्षक ने चेतावनी दी है कि यदि समाज का कोई प्रतिष्ठित व्यक्ति, पंच या अन्य कोई भी व्यक्ति किसी परिवार को समाज से बहिष्कृत करता है, अवैध जुर्माना वसूलता है या सामाजिक दबाव बनाकर रुपयों की मांग करता है, तो ऐसी शिकायत प्राप्त होने पर संबंधितों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि ऐसी किसी भी घटना की तत्काल जानकारी पुलिस नियंत्रण कक्ष के संपर्क नंबर 7300453344 पर दें, ताकि कानून का उल्लंघन करने वालों पर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके। यह कदम सामाजिक कुरीतियों को रोकने और नागरिकों के मौलिक अधिकारों की रक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
