निम्बाहेड़ा में 25 हजार का इनामी लुटेरा सद्दाम गिरफ्तार, पिस्टल बरामद
बैंक ग्राहकों की रेकी कर लूटने वाला आरोपी सद्दाम साथी रज्जाक के साथ दबोचा गया, आरोपियों पर दर्ज हैं 23 आपराधिक मामले।

तस्वीर में पारदर्शी नीले प्लास्टिक बॉक्स में रखी पिस्टल और कारतूस दिख रहे हैं।
निम्बाहेड़ा में बैंक ग्राहक बनकर रकम निकालने वालों की रेकी करने और बैंक से बाहर निकलते ही मौका देखकर लूटकर फरार होने वाले 25 हजार रुपए के इनामी आरोपी सद्दाम हुसैन को डीएसटी और सदर निम्बाहेड़ा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके साथी रज्जाक मोहम्मद को भी दबोचा है। दोनों के कब्जे से एक अवैध पिस्टल, मैगजीन और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत हार्डकोर अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों, नशा तस्करों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए एएसपी गजेन्द्र सिंह जोधा और डीएसपी शिवप्रकाश टेलर के सुपरविजन में कार्रवाई की गई।
डीएसटी प्रभारी एएसआई सूरज कुमार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चित्तौड़गढ़ में 25 हजार रुपए का इनामी सद्दाम अपने साथी के साथ शिकार के लिए निम्बाहेड़ा की ओर आ सकता है और उसके पास अवैध हथियार है। सूचना के आधार पर पुलिस ने बिनोता चौकी के सामने नाकाबंदी की।
नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने सद्दाम हुसैन (32) निवासी पीतलवड़ी, थाना छोटी सादड़ी, प्रतापगढ़ और रज्जाक मोहम्मद (38) निवासी पीतलवड़ी, थाना छोटी सादड़ी को रोककर तलाशी ली। तलाशी में उनके कब्जे से पिस्टल और दो जिंदा कारतूस मिले। इसके बाद दोनों को आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब हथियार की खरीद-फरोख्त और दोनों आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार सद्दाम हुसैन के खिलाफ चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, अजमेर और उदयपुर में 19 प्रकरण दर्ज हैं। इनमें 17 लूट और 2 चोरी के मामले बताए गए हैं। वहीं रज्जाक मोहम्मद के खिलाफ चोरी के चार प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक सद्दाम वारदात से पहले बैंक में ग्राहक बनकर दाखिल होता था। वहां रकम निकालने वाले ग्राहकों पर नजर रखकर उनकी रेकी करता था। इसके बाद बैंक से बाहर निकलते ही मौका देखकर उन्हें लूटकर फरार हो जाता था। पुलिस अब पूर्व में हुई वारदातों में दोनों की भूमिका और हथियार के इस्तेमाल की भी जांच कर रही है।
कार्रवाई में डीएसटी प्रभारी एएसआई सूरज कुमार, हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार, कांस्टेबल रतन सिंह, जगदीश, देवेंद्र, रामकेश व अमित तथा सदर निम्बाहेड़ा थानाधिकारी संजय शर्मा, एएसआई भूपेंद्र सिंह, कांस्टेबल दिनेश, नाहर सिंह, दयाराम व विजय शामिल रहे।

