निम्बाहेड़ा। कोतवाली निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए जिले के टॉप-10 वांछित अपराधियों की सूची में शामिल शातिर आरोपी प्रकाश बावरी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर ज्वैलर्स की दुकान से असली सोने के आभूषण चुराकर उनकी जगह नकली आभूषण रखने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई सोने की बालियां और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।

घटना का विवरण देते हुए जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि 20 नवंबर 2025 को प्रार्थी सचिन सोनी, निवासी डाक बंगला रोड, निम्बाहेड़ा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी के अनुसार, उनकी डाक बंगला रोड स्थित पुश्तैनी दुकान पर दोपहर करीब 4:10 बजे एक व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ आया। उसने अपना नाम प्रकाश बावरी निवासी चंगेड़ी बताया और कान की बालियां खरीदने का झांसा दिया। दुकान के मालिक ने जब बालियों का बॉक्स उन्हें दिखाया, तो बातों में उलझाकर प्रकाश बावरी और उसकी पत्नी ने डिब्बे में रखी 3 ग्राम वजनी सोने की बाली चोरी कर ली और उसकी जगह नकली बाली रख दी। दुकानदारों को जब ठगी का अहसास हुआ, तो उन्होंने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी मुकुल शर्मा एवं डीएसपी बद्रीलाल राव के निर्देशन में थानाधिकारी रामसुमेर मीणा ने एएसआई देवेन्द्र सिंह, कानिस्टेबल राजू सिंह और धर्मेन्द्र कुमार की एक विशेष टीम गठित की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 30 वर्षीय प्रकाश बावरी पिता स्वर्गीय उदय लाल, निवासी चंगेड़ी, थाना सदर निम्बाहेड़ा को गिरफ्तार कर उसके पास से 3.300 ग्राम वजनी सोने की बालियां और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की।

आरोपी प्रकाश बावरी का आपराधिक इतिहास अत्यंत लंबा है। उसके विरुद्ध चोरी के 7 प्रकरण कोतवाली निम्बाहेड़ा, छोटीसादड़ी, माण्डल, डूंगला और केसरियाजी थानों में, एक प्रकरण लूट एवं चोरी का थाना निकुम्भ में, तथा एक प्रकरण मारपीट एवं रास्ता रोकने का थाना सदर निम्बाहेड़ा में दर्ज है। इस गिरफ्तारी से क्षेत्र के व्यापारियों में राहत है और पुलिस इसे अपराध नियंत्रण की दिशा में एक बड़ी सफलता मान रही है।

Next Story