निम्बाहेड़ा। कोतवाली निम्बाहेड़ा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक गंभीर मामले का खुलासा करते हुए अंतरजिला वाहन चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों की गिरफ्तारी से चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, राजसमंद और उदयपुर जिलों में सक्रिय वाहन चोरों के नेटवर्क का बड़ा पर्दाफाश हुआ है।

घटना के संबंध में जानकारी देते हुए जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव ने बताया कि 6 मई 2026 को गादोला निवासी प्रार्थी पंकज गायरी ने कोतवाली निम्बाहेड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि वह आदर्श कॉलोनी निम्बाहेड़ा स्थित महेश गारमेंट दुकान पर कार्य करता है और रोजाना अपने गांव से आना-जाना करता है। 6 मई को उसने अपने गांव के निवासी राकेश की ब्लैक कलर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल मांगकर काम पर आया था। दोपहर करीब 2 बजे जब वह दुकान से बाहर आया तो मोटरसाइकिल वहां से गायब मिली। आसपास तलाश करने पर कोई सुराग न मिलने पर सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें दोपहर करीब 1:50 बजे दो अज्ञात नकाबपोश व्यक्ति मोटरसाइकिल चोरी कर ले जाते हुए दिखाई दिए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी मुकुल शर्मा एवं डीएसपी बद्रीलाल राव के निर्देशन में थानाधिकारी रामसुमेर मीणा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम में एएसआई देवेंद्र सिंह, कांस्टेबल राकेश और धर्मेंद्र कुमार शामिल थे। जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को सूचना मिली कि राजनगर थाना, जिला राजसमंद में मोटरसाइकिल (आरजे 09 आर.एस. 8344) के साथ दो आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। निम्बाहेड़ा पुलिस की टीम तुरंत राजनगर पहुंची और वहां गिरफ्तार किए गए आरोपियों नारायण लाल बैरवा (26) निवासी धमाणा, थाना कपासन और अयूब मोहम्मद मंसूरी (21) निवासी धमाणा, थाना कपासन को धारा 106 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 के तहत हिरासत में लिया।

पुलिस की गहन पूछताछ में आरोपियों ने एक अन्य नामजद फरार आरोपी के साथ मिलकर उक्त मोटरसाइकिल के अलावा हीरो कंपनी की 5 अन्य स्प्लेंडर और एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिलें चोरी करना स्वीकार किया है। आरोपियों ने चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, राजनगर और उदयपुर शहरों से भी वाहन चोरी करने की वारदातों को अंजाम देना कबूला है। पुलिस अब फरार तीसरे आरोपी की तलाश में जुटी है, जिससे अन्य चोरीशुदा वाहनों की बरामदगी की जा सकेगी। इस गिरोह के पकड़े जाने से क्षेत्र में वाहन चोरियों की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगने की संभावना है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story