हत्या के प्रयास एवं आर्म्स एक्ट के गंभीर प्रकरण में पिछले 08 वर्षों से फरार चल रहे पिस्टल सप्लायर को कोतवाली निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।

जिला पुलिस अधीक्षक श्री मनीष त्रिपाठी ने बताया कि वांछित/स्थाई वारंटी एवं फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। इस अभियान के अनुक्रम में एएसपी सरिता सिंह के निर्देशन तथा डीएसपी बद्री लाल राव के नेतृत्व में थानाधिकारी रामसुमेर द्वारा एएसआई सूरज कुमार, कानि. देवेन्द्र, विरेन्द्र और सुमित की एक विशेष टीम का गठन किया गया।

मंगलवार को पुलिस टीम को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि नितिन पंडित, जो आर्म्स एक्ट व हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहा है और वर्तमान में उदयपुर में रह रहा है, आज अपने घर नया बाजार आएगा। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एएसआई सूरज कुमार मय जाप्ता बस स्टैंड पहुंचे, जहां मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर नितिन की पहचान की गई।

पुलिस टीम ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी नितिन पिता राकेश उर्फ भैया पंडित निवासी उदयपुर रोड धाकड़ मोहल्ला, हाल नया बाजार निंबाहेड़ा का रहने वाला है। इस कार्रवाई में पुलिस साइबर सेल के एएसआई राजकुमार का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।

लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी से पुलिस के अभियान को मजबूती मिली है और गंभीर अपराधों में शामिल फरार आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का स्पष्ट संदेश गया है।

Next Story