निंबाहेड़ा/वंडर सीमेंट लिमिटेड, आर.के. नगर, निम्बाहेड़ा के पाटनी पब्लिक स्कूल में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। समारोह कम्पनी के यूनिट हेड एवं विद्यालय प्रबंधक नितिन जैन के मुख्य आतिथ्य तथा श्रीमती अरुणा जैन के विशिष्ट आतिथ्य में आयोजित हुआ।

भारत सरकार के दिशा-निर्देशानुसार कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत वन्देमातरम् से हुई। कम्पनी के यूनिट हेड एवं विद्यालय प्रबंधक नितिन जैन ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना जीवन न्योछावर करने वाले शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर ध्वजारोहण किया और राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। ध्वजारोहण के साथ ही पीपीएस के बच्चों ने स्कूल बैंड के साथ राष्ट्रगान प्रस्तुत किया।



इसके पश्चात् वंडर सीमेंट लिमिटेड के मुख्य सुरक्षा अधिकारी नागेन्द्र सिंह चुण्डावत ने मुख्य अतिथि नितिन जैन को विद्यालय के एन.सी.सी. कैडेट्स तथा वंडर सीमेंट के सुरक्षा कर्मियों की सुसज्जित परेड का निरीक्षण कराया। निरीक्षण के उपरान्त नितिन जैन ने मार्चपास्ट को सलामी दी।

अपने उद्बोधन में नितिन जैन ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की 80 वर्षों की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि नया भारत सबको साथ-साथ लेकर आगे बढ़ रहा है। देश ने आज स्पेस विज्ञान, रिन्युएबल एनर्जी, देश में निर्मित सुरक्षा शस्त्र एवं मिसाइलों इत्यादि के क्षेत्र में विश्व शक्ति की ओर बढ़ते कदम बढ़ाए हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी की भी जिम्मेदारी है कि हम सकारात्मक रहकर आत्मविश्वास रखें, नई दक्षताएं विकसित करें, निरंतर आगे बढ़ें और देश की प्रगति में भागीदार बनें। साथ ही जैन ने सभी से विदेशी वस्तुओं का मोह त्यागकर स्वदेशी को अपनाने की अपील की।

इस दौरान सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2026 में 90 प्रतिशत और उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले पीपीएस के मेधावी विद्यार्थियों तथा खेल, वाद-विवाद सहित विभिन्न राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में विशेष उपलब्धि प्राप्त करने वाले छात्रों को मुख्य अतिथि ने सम्मानित किया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वंडर सीमेंट में आयोजित कार्यक्रम में पीपीएस के छात्रों ने देश की स्वतंत्रता की महिमा का गुणगान करते हुए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इनमें देशभक्ति गीत, ग्रुप डांस, लघु नाटिका का मंचन, हिन्दी-अंग्रेजी में भाषण एवं कवितापाठ तथा जुम्बा सहित विभिन्न रोचक प्रस्तुतियां शामिल रहीं।



इसके बाद वंडर सीमेंट लिमिटेड में कार्य के दौरान अपनी उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने वाले कर्मचारियों एवं सुरक्षा कर्मियों को एसोसिएट महाप्रबंधक (एच.आर.) अजय शर्मा के संयोजन में सम्मानित किया गया। साथ ही बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों की सराहना की गई।

विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री शशिकान्त ने अतिथिगण, अभिभावकों एवं उपस्थित समस्त लोगों का अभिवादन किया। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष मैकेनिकल विपिन जैन, उपाध्यक्ष प्रोसेस राजेंद्र शर्मा सहित सभी विभागों के विभागाध्यक्ष, अधिकारी, कर्मचारी, आर.के. नगरवासी एवं अभिभावक आदि उपस्थित थे। समारोह में विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों, मेधावी छात्रों के सम्मान और उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले कर्मचारियों एवं सुरक्षा कर्मियों के सम्मान के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस का आयोजन विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story