निम्बाहेड़ा। पंचायती राज चुनाव को लेकर भाजपा ने क्षेत्र में प्रचार अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी ने ग्राम पंचायत बांगरेड़ा मामादेव मुख्यालय पर ग्रामीणों से संवाद कर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और भाजपा के पक्ष में समर्थन की अपील की।

चुनावी कार्यक्रम के दौरान विधायक कृपलानी ने ग्रामीणों से क्षेत्र के विकास, जनहित से जुड़े मुद्दों और गांवों की मूलभूत आवश्यकताओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन और गरीब कल्याण अन्न योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं के माध्यम से गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और जरूरतमंद वर्गों को लाभ पहुंचा रही है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली राजस्थान सरकार भी जनकल्याण, किसान हित, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के रोजगार और ग्रामीण विकास को प्राथमिकता दे रही है। विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए कार्य किया जा रहा है।

विधायक कृपलानी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। विकास की निरंतरता बनाए रखने के लिए जनभागीदारी और मजबूत संगठन आवश्यक हैं। उन्होंने ग्रामीणों से भाजपा के समर्थन में आगे आने की अपील की।

इसके बाद विधायक श्रीचंद कृपलानी ग्राम चरलिया पहुंचे, जहां उन्होंने जिला परिषद सदस्य प्रत्याशी श्रीमती निशा राजेश धाकड़ के चुनाव कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों की मौजूदगी में चुनावी गतिविधियों को लेकर चर्चा की गई। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों में उत्साह दिखाई दिया। बांगरेड़ा मामादेव में ग्रामीणों से संवाद और चरलिया में चुनाव कार्यालय के शुभारंभ के जरिए विधायक ने क्षेत्र में भाजपा के चुनाव प्रचार को गति दी।

Next Story