निंबाहेड़ा पंचायत समिति के प्रधान पद के निर्वाचन में कांग्रेस ने जीत दर्ज करते हुए एक बार फिर अपना परचम लहराया। शुक्रवार को संपन्न हुए चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी श्रीमती उदी बाई जाट ने 18 मत प्राप्त कर प्रधान पद पर विजय हासिल की। वहीं, भाजपा प्रत्याशी श्रीमती पारस कंवर को 5 मत मिले। इस जीत के साथ निंबाहेड़ा पंचायत समिति में कांग्रेस ने अपना प्रधान निर्वाचित करवाया।

निर्वाचन परिणाम घोषित होते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। मंडी चौराहा स्थित पंचायत समिति कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में एकत्रित कांग्रेसजनों ने एक-दूसरे को बधाई देकर जीत की खुशियां साझा कीं।



इस जीत को निंबाहेड़ा क्षेत्र में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति के अध्यक्ष उदयलाल आंजना के मार्गदर्शन, संगठनात्मक मजबूती तथा कांग्रेस पार्टी की विचारधारा, रीति-नीति और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता से जोड़कर देखा जा रहा है। पंचायत राज चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों को मिली सफलता के बाद प्रधान पद पर उदी बाई जाट की जीत से क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ा है।

प्रधान पद पर जीत के बाद कांग्रेसजनों और समर्थकों ने नगर में विजय जुलूस निकाला। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कांग्रेस के झंडे लेकर जुलूस में शामिल हुए। इस दौरान जगह-जगह आतिशबाजी की गई और मिठाई बांटकर जीत का जश्न मनाया गया। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे का मुंह मीठा करवाकर बधाइयां दीं और कांग्रेस पार्टी के समर्थन में नारे लगाकर खुशी जाहिर की।

इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने पूर्व कैबिनेट मंत्री उदयलाल आंजना के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आंजना के मार्गदर्शन, संगठन के प्रति समर्पित भावना और कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद एवं समन्वय से निंबाहेड़ा क्षेत्र में कांग्रेस संगठन को मजबूती मिली है। पंचायत समिति के प्रधान पद पर मिली यह जीत संगठन की एकजुटता और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।



निंबाहेड़ा पंचायत समिति में कांग्रेस की जीत के बाद कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित प्रधान श्रीमती उदी बाई जाट को बधाई दी। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके कार्यकाल में पंचायत समिति क्षेत्र के गांवों में विकास कार्यों को गति मिलेगी। साथ ही आमजन की समस्याओं के समाधान और ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी जाएगी।

कांग्रेसजनों ने इस जीत को क्षेत्र में पार्टी की मजबूत संगठनात्मक स्थिति और जनता के विश्वास का प्रतीक बताया। उन्होंने आगामी समय में भी संगठन की एकजुटता बनाए रखते हुए जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प व्यक्त किया।

Updated On
Next Story