उदयलाल आंजना ने एक दर्जन गांवों में किया जनसंपर्क, 14 नवंबर को कांग्रेस के पक्ष में मतदान की अपील
पूर्व सहकारिता मंत्री ने एक दर्जन गांवों का दौरा कर जिला परिषद व पंचायत समिति प्रत्याशियों के लिए मांगे वोट।

उदयलाल आंजना समर्थकों के साथ निंबाहेड़ा के ग्रामीण इलाके में जनसंपर्क करते हुए दिख रहे हैं।
राजस्थान सरकार के पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने निंबाहेड़ा पंचायत राज चुनाव 2026 को लेकर कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क तेज कर दिया है। शनिवार को उन्होंने एक दर्जन गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और आगामी 14 नवंबर को होने वाले मतदान में कांग्रेस प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।
इस दौरान उदयलाल आंजना ने फाचर अहिरान, रसूलपुरा, बड़ौली माधोसिंह, मंडावली, लसड़ावन, फलवा, कारुण्डा एवं बांसा पंचायतों का दौरा किया। उन्होंने कांग्रेस पार्टी के जिला परिषद सदस्य प्रत्याशी देवीलाल बैरवा तथा पंचायत समिति सदस्य प्रत्याशियों निर्भयराम जाट, किशन जटिया, किशन मेघवाल, रामनारायण जाट और उदी बाई जाट के समर्थन में व्यापक जनसंपर्क किया। उन्होंने ग्रामीण मतदाताओं से कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में अधिकाधिक मतदान कर उन्हें भारी मतों से जिताने का आह्वान किया।
जनसंपर्क के दौरान आंजना ने कांग्रेस पार्टी की रीति-नीति, क्षेत्र के विकास तथा ग्रामीण इलाकों की मूलभूत समस्याओं और आवश्यकताओं को लेकर ग्रामीणों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि पंचायत राज संस्थाएं ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। गांवों में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने के साथ आमजन की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भूमिका बेहद जरूरी है।
आंजना ने मतदाताओं से अपील की कि 14 नवंबर को होने वाले जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों को अपना अमूल्य मत देकर मजबूत बनाएं। उन्होंने मतदान के दिन ईवीएम में कांग्रेस के चुनाव चिह्न हाथ के निशान के सामने वाला नीला बटन दबाकर पार्टी प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी गांव-गांव में संगठनात्मक मजबूती के साथ विकास और जनहित के मुद्दों को लेकर निरंतर कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस दौरान ग्रामीणों से कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में एकजुट होकर मतदान करने तथा लोकतंत्र की मजबूती के लिए अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।

