राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के निंबाहेड़ा पंचायत समिति परिसर में मंगलवार को नीति आयोग के 'आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम' के अंतर्गत संचालित 'संपूर्णता अभियान 2.0' का समापन समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी के मुख्य आतिथ्य तथा जिला कलेक्टर डॉ. मंजू की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम ने विकास के नए प्रतिमान स्थापित किए। समारोह में पूर्व विधायक अशोक नवलखा, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी राकेश राजपुरोहित, निवर्तमान जिला प्रमुख गब्बर सिंह अहीर, निवर्तमान प्रधान बगदीराम धाकड़, पूर्वी मंडल अध्यक्ष अशोक जाट, पश्चिम मंडल अध्यक्ष राजेंद्र सिंह शक्तावत, नगर अध्यक्ष कपिल चौधरी, उपखंड अधिकारी विकास पंचोली, पंचायत समिति विकास अधिकारी लक्ष्मण लाल खटीक, सीडीपीओ दिलीप सिंह, नगर महामंत्री देवकरण समदानी, तहसीलदार घनश्याम जरवार एवं केली प्रशासक प्रतिनिधि राधेश्याम टेलर विशिष्ट अतिथि के रूप में मंचासीन रहे।

कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ उपखंड अधिकारी विकास पंचोली द्वारा अतिथियों का उपरना ओढ़ाकर एवं पौधा भेंट कर स्वागत करने के साथ हुआ। तत्पश्चात, अतिथियों ने भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में उनके चित्र पर माल्यार्पण कर एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। विकास अधिकारी लक्ष्मण लाल खटीक ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए बताया कि नीति आयोग द्वारा 28 जनवरी से 14 अप्रैल 2026 तक संचालित इस अभियान के तहत छह प्रमुख संकेतकों को निर्धारित समयावधि में संतृप्त करने का लक्ष्य रखा गया था। इसमें महिला एवं बाल विकास विभाग के चार तथा शिक्षा एवं पशुपालन विभाग के एक-एक महत्वपूर्ण संकेतक शामिल थे। इस अवसर पर विधायक कृपलानी एवं जिला कलेक्टर डॉ. मंजू ने निंबाहेड़ा ब्लॉक के ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित एकलव्य ज्ञान केंद्रों के छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद कर उनकी शैक्षणिक प्रगति एवं उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली।

मुख्य अतिथि श्रीचंद कृपलानी ने अपने संबोधन में कहा कि 'संपूर्णता अभियान 2.0' मात्र एक सरकारी योजना नहीं, अपितु ग्रामीण विकास को नई दिशा देने वाला एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और पशुपालन के निर्धारित लक्ष्य निंबाहेड़ा को विकास के नए सोपान पर ले जाएंगे। कृपलानी ने सीमित संसाधनों के बावजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा दिखाई गई टीम भावना की सराहना करते हुए इसे अनुकरणीय बताया और नवाचारों को स्थायी बनाने का आग्रह किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सामूहिक उत्तरदायित्व है, ताकि निंबाहेड़ा को स्वच्छ, स्वस्थ और आत्मनिर्भर ब्लॉक बनाया जा सके।

अध्यक्षीय उद्बोधन में जिला कलेक्टर डॉ. मंजू ने स्पष्ट किया कि इस अभियान का ध्येय मात्र आंकड़ों की बाजीगरी नहीं, बल्कि धरातल पर वास्तविक मानवीय बदलाव लाना है। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि पोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और पशुधन संरक्षण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने फील्ड स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से पात्र लाभार्थियों तक लाभ सुनिश्चित करने की बात कही। समापन के अवसर पर सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने निंबाहेड़ा के समग्र विकास का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने महिला एवं बाल विकास विभाग के स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित व्यंजनों का अवलोकन किया तथा एक महिला की गोद भराई एवं दो बच्चों का अन्न प्राशन संस्कार संपन्न कराया। राष्ट्रगान के साथ इस ऐतिहासिक अभियान का विधिवत समापन हुआ।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story