विधायक श्रीचंद कृपलानी ने भावलिया में किया मतदान, ग्रामीणों से की वोट डालने की अपील
निम्बाहेड़ा पंचायत समिति के चतुर्थ चरण के मतदान में पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी ने भावलिया मतदान केंद्र पर वोट डाला। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी निभाने की अपील की।

पंचायत समिति निम्बाहेड़ा के चतुर्थ चरण के मतदान के दौरान ग्राम पंचायत भावलिया स्थित मतदान केंद्र पर जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव में मताधिकार का प्रयोग करने के बाद ग्रामीणों के साथ खड़े पूर्व नगरीय विकास मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी (मध्य में)।
निम्बाहेड़ा। पंचायत समिति निम्बाहेड़ा के चतुर्थ चरण के मतदान के दौरान पूर्व नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री तथा विधायक श्रीचंद कृपलानी ने ग्राम पंचायत भावलिया स्थित मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान किया।
मतदान के बाद विधायक कृपलानी ने ग्रामीणों से लोकतंत्र की इस प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और अपने मताधिकार का उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदान लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। प्रत्येक मतदाता को अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करना चाहिए।
उन्होंने मतदान को लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए नागरिकों से चुनाव में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

