निंबाहेड़ा के छोटीसादड़ी मार्ग स्थित फल एवं सब्जी थोक मंडी परिसर में गुरुवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कचरे के ढेर में लगी आग ने अचानक विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे गोदाम, एक ट्रक तथा प्लेटफार्म पर रखे आम के कैरेट सहित अन्य सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस घटना में व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पूर्व नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने घटनास्थल पर मौजूद लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए सुरक्षा की दृष्टि से क्षेत्र से दूर रहने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति की जानकारी भी ली।

आग की तीव्रता को देखते हुए नगर परिषद निम्बाहेड़ा के साथ-साथ जेके सीमेंट, वंडर सीमेंट, अल्ट्राटेक सीमेंट एवं नुवोको सीमेंट की करीब छह दमकलों और कई पानी के टैंकरों को मौके पर लगाया गया। दमकल कर्मियों और प्रशासनिक टीम के संयुक्त प्रयासों से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और उसे मंडी के अन्य हिस्सों में फैलने से रोका गया।

घटना के दौरान पूर्व विधायक अशोक नवलखा, भाजपा नगर अध्यक्ष कपिल चौधरी, पूर्वी मंडल अध्यक्ष अशोक जाट, पूर्व महामंत्री वीरेश चपलोत, अनुसूचित जाति मोर्चा जिला अध्यक्ष कमलेश बुनकर, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष अर्जुन सिंह राठौड़ सहित कई जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रशासनिक स्तर पर तहसीलदार घनश्याम जरवार, नगर परिषद आयुक्त कौशल कुमार खटूमरा, पटवारी सी.पी. चौधरी तथा कोतवाली थाना पुलिस जाप्ता मौके पर लगातार तैनात रहा।

आग पर पूरी तरह नियंत्रण के बाद विधायक श्रीचंद कृपलानी ने प्रभावित व्यापारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने अधिकारियों को प्रकरण दर्ज कर आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इस घटना ने मंडी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story