निंबाहेड़ा। सदर निंबाहेड़ा पुलिस ने खुद को मृत बताने की राजमल डांगी की झूठी साजिश का पर्दाफाश करते हुए उसे ग्राम अमराणा से दस्तयाब किया है। आरोपी ने कर्ज और पैसे मांगने वालों से बचने के लिए मोटरसाइकिल कुएं में डालकर खुद के डूबने की झूठी कहानी रची थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कार्यपालक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया।

जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि 01 सितंबर 2026 को थाना सदर निंबाहेड़ा पर सूचना मिली कि गांव पिपलिया गदिया में एक कुएं में मोटरसाइकिल तैर रही है और राजमल पिता हेमराज डांगी के डूबने की आशंका है। घरवालों ने भी युवक के कुएं में डूबने की आशंका जताई थी। सूचना पर थाना सदर निंबाहेड़ा से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। खेत पर बने कुएं के अंदर मोटरसाइकिल तैरती दिखाई दी। कुएं की मेड़ पर एक पर्स और तंबाकू की पुड़की पड़ी थी, जबकि खेत की मेड़ पर राजमल डांगी की चप्पलें मिलीं।

पुलिस टीम ने चित्तौड़गढ़ से सिविल डिफेंस टीम को बुलाया। इसके साथ ही जनरेटर, पानी की मोटरें और पंप मंगवाकर कुएं से करीब 80 फीट पानी खाली करवाया गया। पानी निकालने के बाद कुएं के अंदर एक बाइक मिली, जिसे बाहर निकाला गया, लेकिन राजमल डांगी कुएं के अंदर नहीं मिला। आसपास तलाश करवाने के बाद भी उसका पता नहीं चला। इस पर राजमल के पिता हेमराज डांगी की रिपोर्ट पर प्रकरण पंजीबद्ध कर उसकी तलाश शुरू की गई।

02 सितंबर 2026 को पुलिस को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली कि उक्त व्यक्ति सुबह के समय गांव अमराणा, थाना शंभुपुरा में नजर आया है। सूचना पर थाने से पुलिस टीम रवाना हुई और गांव अमराणा से राजमल पिता हेमराज डांगी, उम्र 30 साल, निवासी पिपलिया गदिया, थाना सदर निंबाहेड़ा को अपने साथ थाने लाकर नियमानुसार दस्तयाब किया गया।

दौराने पूछताछ राजमल डांगी ने बताया कि उसकी मोटरसाइकिल की 04 किस्तें बकाया चल रही हैं और कई लोग उससे पैसे मांगते हैं। इस मांग-तांग से बचने तथा अपने परिवार, गांव और आसपास के लोगों को गुमराह करने के लिए उसने खुद को मृत बताने की झूठी साजिश रची थी। उसने मोटरसाइकिल कुएं में डालकर अपने डूबने की झूठी कहानी तैयार की।

राजमल डांगी की इस झूठी साजिश के कारण प्रशासन, पुलिस, गांव वाले और परिवार वाले परेशान रहे। पुलिस ने उक्त कृत्य के लिए राजमल डांगी को गिरफ्तार कर कार्यपालक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। प्रकरण में अग्रिम अनुसंधान जारी है।

Next Story