निम्बाहेड़ा: लायंस क्लब ने संपन्न कराया 458वां नेत्रदान, दो को मिलेगी रोशनी
निम्बाहेड़ा के माहेश्वरी मोहल्ला निवासी कोमलचन्द लोढ़ा के निधन के बाद परिजनों ने नेत्रदान का निर्णय लिया। नेत्र गोमाबाई नेत्रालय नीमच भेजे गए हैं।

लायंस क्लब निम्बाहेड़ा के सदस्यों के साथ दिवंगत कोमलचन्द लोढ़ा के परिजन नेत्रदान हेतु गोमाबाई नेत्रालय के कर्मियों को नेत्र सुपुर्द करते हुए।
मानवीय संवेदनाओं और परोपकार की मिसाल पेश करते हुए निम्बाहेड़ा में एक शोकाकुल परिवार ने अपने दिवंगत परिजन के नेत्रदान का निर्णय लेकर समाज के सम्मुख अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। लायंस क्लब निम्बाहेड़ा के अंधत्व निवारण जागरूकता अभियान के अंतर्गत मंगलवार रात्रि को क्लब का 458वां नेत्रदान संपन्न हुआ। यह पुनीत कार्य समाजसेवी एवं क्लब के सदस्य नवीन मारू व अशोक मारू की प्रेरणा से संभव हो सका।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, माहेश्वरी मोहल्ला निवासी कोमलचन्द लोढ़ा के निधन के उपरांत उनके पुत्र विपुल लोढ़ा ने शोकाकुल घड़ी में भी साहस और परोपकार का परिचय देते हुए अपने पिताजी के नेत्रदान की इच्छा व्यक्त की। परिवार की सहमति के बाद लायंस क्लब निम्बाहेड़ा की आई डोनेशन कमेटी के चेयरमैन डॉ. जेएम जैन ने मनोहर लाल वासवानी व कम्पाउन्डर आशाराम के तकनीकी सहयोग से नेत्र उत्सारित किए। सुरक्षित रूप से प्राप्त किए गए इन नेत्रों को प्रत्यारोपण हेतु गोमाबाई नेत्रालय, नीमच भिजवाया गया।
इस संवेदनशील प्रक्रिया के दौरान लायंस क्लब इंटरनेशनल के जोन चेयरपर्सन विजय कुमार आगार, उपाध्यक्ष अरविन्द मुन्दड़ा व अरविन्द खण्डेलवाल ने रात्रि में गोमाबाई नेत्रालय के चिकित्साकर्मियों को नेत्र सुपुर्द किए। इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष नानालाल भूतड़ा, वरिष्ठ सदस्य शान्तिचन्द मेहता, श्यामलाल भराड़िया, राजकुमार रायपुरिया, कुंज बिहारी अग्रवाल व किशन लाल जोशी सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। क्लब के सदस्यों ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए लोढ़ा परिवार के इस निर्णय को सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में मानव सेवा को सर्वोपरि मानते हुए परिवार द्वारा दिखाई गई तत्परता से दो दृष्टिहीन व्यक्तियों के जीवन में प्रकाश की किरण फैलेगी।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
