निम्बाहेड़ा। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, कनेरा की होनहार छात्रा माया धाकड़ ने 12वीं कक्षा के विज्ञान संकाय (एग्रीकल्चर) में 93.40 प्रतिशत अंक अर्जित कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इस शानदार उपलब्धि से माया ने न केवल अपने गुरुजनों और परिवार का मान बढ़ाया, बल्कि संपूर्ण कनेरा क्षेत्र का नाम रोशन किया है। एक साधारण किसान शोभा लाल धाकड़ की सुपुत्री माया धाकड़ ने विपरीत परिस्थितियों और चुनौतीपूर्ण शैक्षणिक बदलाव के बावजूद यह मुकाम हासिल कर मिसाल पेश की है।

माया की इस सफलता के पीछे उनके गुरुजनों का मार्गदर्शन और परिवार की प्रेरणा निहित है। विशेष रूप से उनकी बहन हंसा धाकड़, जो सरकारी विद्यालय में अध्यापिका हैं, माया के लिए प्रेरणा का मुख्य स्रोत रही हैं। उल्लेखनीय है कि माया ने कक्षा 11वीं में कला संकाय (आर्ट्स) से पढ़ाई की थी, किंतु कृषि क्षेत्र में कुछ नया करने के उद्देश्य से उन्होंने 12वीं कक्षा में विज्ञान वर्ग (एग्रीकल्चर) का चुनाव किया। कला से विज्ञान संकाय की ओर यह साहसिक शैक्षणिक बदलाव उनके दृढ़ संकल्प को दर्शाता है।

भविष्य की योजनाओं पर चर्चा करते हुए माया ने बताया कि कृषि के क्षेत्र में नवाचार करना उनका प्राथमिक ध्येय है। आधुनिक तकनीकों के माध्यम से किसानों की स्थिति में सुधार लाने के संकल्प के साथ वह भविष्य में एक कुशल 'एग्रीकल्चर साइंटिस्ट' (कृषि वैज्ञानिक) बनना चाहती हैं। ग्रामीण अंचल की इस बेटी की सफलता ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि हौसले बुलंद हों, तो विषय की जटिलता और संसाधनों का अभाव सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकते।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story