निंबाहेड़ा: कल्लाजी वेदपीठ ने हनुमान जन्मोत्सव पर निकाली ध्वजा पदयात्रा
जावदा स्थित कल्याणलोक में 18 वर्षों से जारी परंपरा के तहत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ ध्वजारोहण किया गया और पंचमुखी हनुमान का विशेष श्रृंगार हुआ।

निंबाहेड़ा। मेवाड़ की पावन धरा पर एकादश रूद्रावतार अंजनी लाल राम भक्त हनुमानजी के जन्मोत्सव का उल्लास श्रद्धा और भक्ति के चर्मोत्कर्ष पर रहा। इस पावन उपलक्ष्य में मेवाड़ के सुप्रसिद्ध श्री शेषावतार कल्लाजी वेदपीठ द्वारा एक भव्य और आध्यात्मिक आयोजन किया गया, जिसके अंतर्गत वीर वाहिनी बालकों ने प्रातः कालीन बेला में श्री कल्लाजी मंदिर से जावदा स्थित श्री कल्लाजी वैदिक विश्वविद्यालय 'कल्याणलोक' तक लगभग छह किलोमीटर लंबी विशाल ध्वजा पैदल यात्रा निकाली। श्रद्धा और संकल्प से ओतप्रोत इस यात्रा ने संपूर्ण वातावरण को धर्ममय कर दिया।
वेदपीठ के पदाधिकारियों के अनुसार, ठाकुर श्री कल्लाजी की दिव्य प्रेरणा से आयोजित इस उत्सव में वेदपीठ के विद्वान आचार्यों एवं बटुकों द्वारा पूर्ण विधि-विधान और ओजपूर्ण वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कल्याणलोक में ध्वजारोहण संपन्न किया गया। उल्लेखनीय है कि विश्वविद्यालय परिसर में ध्वजारोहण की यह गौरवशाली परंपरा पिछले 18 वर्षों से अनवरत जारी है, जो संस्था की अटूट आस्था को प्रदर्शित करती है। इस मांगलिक अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में प्रतिष्ठित श्री हनुमानजी की प्रतिमा का श्रद्धापूर्वक चोला चढ़ाया गया। ध्वजारोहण के साथ ही उपस्थित जनसमूह ने हनुमान चालीसा, कल्याण चालीसा और राम नाम का सामूहिक जप कर चराचर जगत में खुशहाली और लोक कल्याण की मंगल कामना की। इसी क्रम में वेदपीठ पर विराजित पंचमुखी हनुमानजी का भी मनोहारी विशेष श्रृंगार किया गया, जहाँ विशेष पूजा-अर्चना के साथ जन्मोत्सव की समस्त रीतियाँ पूर्ण की गईं। आस्था और अनुशासन का यह समागम क्षेत्र की सांस्कृतिक चेतना को और अधिक सुदृढ़ कर गया।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
