भीषण गर्मी के बीच शेखावत सर्कल पर राहगीरों और श्रमिकों को ठंडी छाछ पिलाकर राहत दी गई, पर्यावरण संरक्षण के लिए स्टील के गिलासों का उपयोग किया गया।

निम्बाहेड़ा में भीषण गर्मी और झुलसाती हवाओं के बीच जैन जागृति सेंटर द्वारा मानव सेवा और पर्यावरण संरक्षण का संयुक्त संदेश देते हुए “निःशुल्क छाछ वितरण सेवा प्रकल्प” के तहत राहगीरों को बड़ी राहत प्रदान की गई। जेजेसी सेंट्रल बोर्ड चेरिटेबल ट्रस्ट, मुंबई की प्रेरणा एवं सहभागिता से संचालित यह सेवा प्रकल्प लगातार जनसेवा के साथ सामाजिक जागरूकता का कार्य कर रहा है।


सेवा प्रकल्प के चौदहवें दिवस शनिवार को शेखावत सर्कल स्थित मंडी चौराहा केंद्र पर प्रातः 11 बजे से राहगीरों, श्रमिकों, वाहन चालकों एवं आमजन को शीतल छाछ का वितरण किया गया। भीषण गर्मी के बीच ठंडी छाछ प्राप्त कर लोगों के चेहरों पर राहत और संतोष स्पष्ट दिखाई दिया। इस दौरान लगभग 450 लीटर छाछ का वितरण किया गया, जिससे बड़ी संख्या में लोगों को गर्मी से राहत मिली।

इस सेवा प्रकल्प के लाभार्थी साधु संत विहार सेवा ग्रुप, निम्बाहेड़ा रहे। साधु-संतों की विहार सेवा के साथ मानव सेवा के इस संगम ने समाज में सहयोग, सेवा और संवेदनशीलता का संदेश दिया। विहार समिति के तख़त सिंह सिंघवी, सागरमल विरानी, दिलीप पारख, अशोक तेजीवत, भेरूसिंह बोडाना, राकेश बोडाना, अनूप मेहता, भोपाल सिंह बोडाना, मनोज चपलोत, राजेंद्र बोडाना, मनोज पटवारी, राजेश मेहता, लोकेश बोडाना, महेश गोयल, राजेश मेहता, पुनीत नाहर, अरिहंत दक, गौतम सिंघवी, यशवंत चपलोत, सौरभ बोडाना, अतुल बोड़ाना, रत्नेश छाजेड़ सहित सदस्यों ने पूरे समर्पण भाव से सेवा कार्य में सहभागिता निभाई।


कार्यक्रम की विशेषता रही कि इसमें पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा गया। प्लास्टिक डिस्पोजल ग्लासों के उपयोग से बचते हुए पुनः उपयोग योग्य ग्लासों में छाछ पिलाई गई, जिससे पर्यावरण संरक्षण का स्पष्ट संदेश समाज तक पहुंचा। जैन जागृति सेंटर परिवार ने साधु संत विहार सेवा ग्रुप के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा, समर्पण और परोपकार का भाव ही समाज में वास्तविक प्रेरणा का आधार है।

इस अवसर पर जेजेसी की ओर से पूर्व विधायक एवं सेंटर अध्यक्ष अशोक नवलखा, सचिव प्रकाश चेलावत, चित्तौड़गढ़ अरबन को ऑपरेटिव बैंक मैनेजर मदनलाल वीरवाल, दीपक अग्रवाल, विनोद नागौरी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। यह सेवा प्रकल्प भीषण गर्मी में न केवल राहत का माध्यम बना, बल्कि मानवता, सहयोग और पर्यावरण संरक्षण की शीतल धारा का प्रतीक भी सिद्ध हुआ।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story