निम्बाहेड़ा में जैन जागृति सेंटर ने शुरू किया 'हर घर परिंडा अभियान'
भीषण गर्मी में पक्षियों की प्यास बुझाने के लिए जैन जागृति सेंटर द्वारा शहरवासियों से घरों की छत पर परिंडे लगाने की अपील की गई है।

निम्बाहेड़ा में 'हर घर परिंडा अभियान' के तहत पक्षियों के लिए पानी का पात्र (परिंडा) बांधते हुए अभियान संयोजक दिलीप मोदी।
निम्बाहेड़ा। भीषण गर्मी के बीच पक्षियों की प्यास बुझाने के उद्देश्य से जैन जागृति सेंटर, निम्बाहेड़ा द्वारा “हर घर परिंडा अभियान” की शुरुआत की गई है। यह अभियान जैन जागृति सेंटर सेंट्रल बोर्ड चेरिटेबल ट्रस्ट की प्रेरणा से संचालित किया जा रहा है, जिसमें शहरवासियों से बढ़-चढ़कर भागीदारी की अपील की गई है।
अभियान के तहत प्रत्येक सदस्य एवं नागरिक से अपने घर की छत पर पानी से भरा परिंडा लगाने का आग्रह किया गया है, ताकि गर्मी में व्याकुल पक्षियों को राहत मिल सके। साथ ही, परिंडा लगाने के बाद उसकी फोटो समूह में साझा करने तथा अन्य लोगों को भी इस सेवा कार्य के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया है।
इस पुनीत कार्य के लिए परिंडा प्राप्ति की व्यवस्था “मनोज रेडीमेड शो रूम”, राजेंद्र सूरी ज्ञान मंदिर के सामने, आदर्श कॉलोनी, निम्बाहेड़ा पर की गई है।
अभियान के संयोजक दिलीप मोदी ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक घरों तक पहुंच बनाकर पक्षियों के लिए पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे इस सेवा कार्य में सहभागी बनकर जीवदया का संदेश जन-जन तक पहुंचाएं। जैन जागृति सेंटर, निम्बाहेड़ा द्वारा सभी नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की विनम्र अपील की गई है।
इस अभियान के माध्यम से भीषण गर्मी में पक्षियों को राहत पहुंचाने और समाज में जीवदया के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण प्रयास किया जा रहा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
