निम्बाहेड़ा के सदर थाना पुलिस ने अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए एक कार से अवैध देशी कट्टा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कार भी जब्त कर ली है और मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है।

जिला पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज उदयपुर श्री गौरव श्रीवास्तव के निर्देश पर चलाए जा रहे अवैध हथियारों की धरपकड़ अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा के निर्देशन तथा डीएसपी निम्बाहेड़ा शिवप्रकाश टेलर के मार्गदर्शन में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत थानाधिकारी संजय शर्मा ने एक विशेष टीम का गठन किया।

कार्रवाई के दौरान टीम के एएसआई सुन्दरपाल चौधरी को मुखबिर से सूचना मिली कि एक अल्टो के-10 कार में सवार एक व्यक्ति देशी कट्टा लेकर घूम रहा है और हाईवे चौराहों पर रोब झाड़ रहा है। सूचना के अनुसार वह नीमच से चित्तौड़गढ़ की ओर जा रहा था। सूचना मिलते ही एएसआई सुन्दरपाल चौधरी ने पुलिस जाप्ते के साथ थाना परिसर के सामने हाईवे रोड पर नाकाबंदी शुरू कर दी।

नाकाबंदी के दौरान मुखबिर की सूचना के अनुसार संदिग्ध कार को बमुश्किल रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार चालक के कब्जे से अवैध देशी कट्टा बरामद किया गया। इसके बाद आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया तथा कार को नियमानुसार जब्त कर लिया गया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमन सेन पुत्र मोहन लाल सेन, उम्र 23 वर्ष, निवासी रानीखेड़ा, थाना सदर निम्बाहेड़ा, जिला चित्तौड़गढ़ के रूप में की है। पुलिस आरोपी का पीसी रिमांड प्राप्त कर देशी कट्टे की खरीद-फरोख्त तथा उसके कब्जे में हथियार आने के संबंध में गहन अनुसंधान करेगी।

इस कार्रवाई में एएसआई सुन्दरपाल, कांस्टेबल बाबूलाल, दयाराम और ओपिला राम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अवैध हथियारों के विरुद्ध चल रहे अभियान के तहत पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच में जुटी हुई है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story